एवीएस न्यूज .उमरिया/ भोपाल


जिले में जनगणना के अंतर्गत मकानसूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) कार्य निर्धारित समय से पूर्व सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर सोमवार को कलेक्टर सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनगणना कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती राखी सहाय ने चार्ज अधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, टीम भावना और समन्वय के कारण यह कार्य समय सीमा से पहले पूर्ण किया जा सका।

कलेक्टर ने जनगणना को शासन की एक महत्वपूर्ण आधारभूत प्रक्रिया बताते हुए कहा कि उमरिया जिले की यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

अपर कलेक्टर ने दी कार्य की जानकारी

जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर पी.के. सेनगुप्ता ने बताया कि मकानसूचीकरण कार्य के लिए जिले में 12 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी। इस दौरान 1203 प्रगणकों और 204 सुपरवाइजरों की सेवाएं ली गईं, जिनके माध्यम से 1412 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।

उन्होंने चार्ज अधिकारियों, मास्टर ट्रेनरों, पटवारियों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए आगे भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।

अधिकारियों को किया गया सम्मानित

समारोह के दौरान कलेक्टर श्रीमती सहाय ने जिला जनगणना अधिकारी, अपर कलेक्टर, विभिन्न एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य जनगणना नोडल अधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर सुशील मिश्रा ने किया। यह आयोजन टीमवर्क और प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण माना जा रहा है।

 सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती राखी सहाय ने जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर प्रमोद कुमार सेन गुप्ता,एसडीएम मानपुर हरनीत कौर कलसी, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह,एसडीएम पाली मीनाक्षी इंगले,डिप्टी कलेक्टर एवं जिला जनगणना नोडल अधिकारी प्रत्यूष श्रीवास्तव, अजय सिंह रजावत पर्यवेक्षक जनगणना जिला उमरिया सहित विभिन्न चार्ज अधिकारियों एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर सुशील मिश्रा ने किया।