पिछले छह माह से सड़क में भरा करीब एक फीट गंदा पानी, शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
स्कूली बच्चें, वाहन चालक और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को हो रही दिक्कत
महाशिवरात्रि पर्व पर निकलेगी भव्य शिव बारात, लाेगों में बढ़ी चिंता
शिकायत के बाद वार्ड 61 की पार्षद से मिला सिर्फ आश्वसन, नहीं की कार्रवाई
एवीएस न्यूज, भोपाल।
भेल क्षेत्र के खजुरी कला रोड एसओएस के पीछे स्थित शिवलोक फेस-2, वार्ड 61 से निकलने वाली सड़क में पिछले छह माह से लगातार करीब एक फीट पानी भरे होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे सड़क से निकलते वक्त कई बार गिर जाते हैं और उनकी ड्रेस भी खराब हो जाती है। वाहन चालक फिसल कर गिरने से घायल हो रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुआें को हो रही है। उनका कहना है कि हमें मंदिर ऐसे गंदे पानी से होकर जाना पड़ता है, जिससे हमें काफी दिक्कत आती है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि हमने कई बार वार्ड पार्षद से िशकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि पहले सड़क के बगल में मैदान था, तो पानी निकल जाता था। अब उस मैदान की जमीन को एक बिल्डर गणेश राजपूत ने खरीद लिया है। वह उस जमीन पर प्लॉटिंग कर रहा है। इस लिए सड़क किनारे चादर की दीवार बना दी है और सड़क किनारे मुरुम डाल दिया है, जिससे पानी की निकासी बंद हो गई है। रहवासियों का कहना है कि हमने बिल्डर से कई बार पानी की निकासी के लिए रास्ता बनाने की बात कही, पर बिल्डर तैयार नहीं हो रहा है। नतीजा यह है कि सड़क पर सुख सागर कॉलोनी का पूरा पानी आकर इकट्ठा हो रहा है। इस समस्या को लेकर कॉलोनी के अध्यक्ष उमेद सिंह कीर ने बताया कि हमने कई बार पार्षद, मंत्री और 181 में भी शिकायत की है, लेकिन कार्रवाई अभी तक नहीं हुई है।

गंदे पानी से निकलेगी बाबा महाकाल की सवारी!
महाशिवरात्रि पर्व रविवार 15 फरवारी को है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर महाकाल भक्त मंडल द्वारा भव्य शिव बारात निकाली जाती है। भक्तों को चिंता सता रही है कि क्या बारात सड़क में भरे गंदे पानी से होकर निकलेगी? ऐसी स्थित में लोगों को भारी परेशानी होगी। शिवलोक फेस-2 के उपाध्यक्ष पंडित मनीष तिवारी का कहना है कि हमने नगर निगम में लिखित आवेदन कई दिनों पहले दिया है, पर अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। कॉलोनी से निकलने वाली शिव बारात समारोह में लोगों का जनसमूह उमड़ता है। ऐसे में अगर इस समसया का समाधान नहीं हुआ तो भक्तों को काभी परेशानी होगी। वहीं नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पानी निकास की बात पर हमें मारने भेजते हैं गुंडे
मैं पिछले दिनों कई बार गणेश दिवान सिटी के बिल्डर से सड़क का पानी निकालने के लिए रास्ता देने की बात कही, तो उन्होंने हमारे खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी, साथ ही हमें मारने के लिए गुंडे भी भेज दिए थे। हमने वार्ड 61 की पार्षद मधु शिवनानी से इस समस्या के समाधान के लिए चर्चा की, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला, कार्रवाई तो कुछ नहीं हुई। हमने मंत्री कृष्णा गौर को भी इस समस्या से अवगत कराया है। इसके बाद भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। हमने 181 में भी शिकायत की, पर निराकरण नहीं हुआ। रास्ते में पानी भरे होने के कारण स्कूली बच्चे आते-जाते गिर रहे हैं, मंदिर में पूजा करने जाने वाले श्रद्धालु गंदे पानी से होकर गुजर रहे हैं, जिससे उनको काफी दिक्कतें हो रही हैं।
उमेद सिंह कीर, अध्यक्ष, शिवलोक फेस-2
सुख सागर कॉलोनी के रहवासी बहाते हैं घंटों पानी
सड़क में पानी भरे होने का मुख्य कारण सुख सागर कॉलोनी के रहवासी हैं। वे घंटों नलों और ट्यूबवेल का पानी सड़क पर बहाते हैं, जो मुख्य सड़क पर आ कर जमा हो जाता है। सुख सागर का एक रहवासी अपना ट्यूबवेल साफ करने के लिए घंटों पानी बहाता है, उसे मना करने के बाद भी नहीं मानता है। इस समास्या के समाधान के लिए पक्की नाली बनानी चाहिए जो बाहर 80 फीट रोड पर मिले। हमने सीवेज खुले में बहाने को लेकर शिवलोक कॉलोनी के अध्यक्ष की शिकायत एनजीटी में की है, उन्हें इसका नोटिश भी मिला है। हमने कोई गुंडा मारने के लिए नहीं भेजा है, यह सब झूठी बातें हैं।
गणेश राजपूत, बिल्डर

