मुंबई। आईबीएम (एनवाईएसई: आईबीएम) ने आज मुंबई में अपने नए इंडिया क्लाइंट एक्सपीरियंस सेंटर शुरू करने की घोषणा की। इस सेंटर का उद्देश्य भारतीय कंपनियों को एआई, हाइब्रिड क्लाउड और क्वांटम कंप्यूटिंग के उपयोग में मदद करना है। इसी के तहत कंपनी ने महाराष्ट्र सरकार के साथ एक लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई ) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके जरिए राज्य की क्वांटम पहल में सहयोग के अवसर तलाशे जाएंगे। इस एलओआई में ऐसे क्षेत्रों पर विचार किया गया है, जिनमें राज्य को अपनी क्वांटम पहल बनाने में मदद के लिए सलाह, ज्ञान और विशेषज्ञता देना, और वर्कशॉप व अन्य स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों के जरिए राज्य का क्वांटम इकोसिस्टम मजबूत करना शामिल है।  
सेंटर का उद्घाटन करते हुए, महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर के साथ, हम एक विकसित महाराष्ट्र और विकसित भारत का निर्माण कर रहे हैं।ये प्रौद्योगिकियाँ विभिन्न क्षेत्रों में स्थिरता और दक्षता को बढ़ावा दे सकती हैं, जिससे विकास और प्रगति के नए अवसर पैदा होंगे।आईबीएम के साथ अपने सहयोग के माध्यम से, हम क्वांटम इनोवेशन का उपयोग जीवन में बदलाव लाने के लिए करेंगे, साथ ही कुशल प्रतिभाओं का एक समूह तैयार करेंगे ताकि इसके लाभों का लोकतंत्रीकरण हो सके और उन्हें राज्य के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाया जा सके।"
आईबीएम एशिया पैसिफ़िक के जनरल मैनेजर हॅन्स डेकर्स ने कहा, “आईबीएम इंडिया क्लाइंट एक्सपीरियंस सेंटर, भारत की एआई, हाइब्रिड क्लाउड और क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र को आगे बढ़ाने में हमारे समर्पण को और मजबूत करता है। महाराष्ट्र सरकार को अपना मजबूत क्वांटम इकोसिस्टम बनाने में मदद करने की हमारी रुचि, हमारे वचनबद्धता का उदाहरण है।”
आईबीएम इंडिया और साउथ एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप पटेल ने कहा, “आईबीएम को महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर राज्य में क्वांटम कंप्यूटिंग स्किल्स को बढ़ाने में सहयोग करने का अवसर मिलने पर खुशी है। यह पहल देश के नेशनल क्वांटम मिशन और ‘विकसित भारत’ के विज़न के अनुरूप है।”
आईबीएम इंडिया एक्सपीरियंस सेंटर, मुंबई में आईबीएम इंडिया के नए ऑफिस में स्थित होगा। यह एक ऐसा डायनेमिक स्पेस होगा, जहां आईबीएम के विशेषज्ञ, ग्राहक और पार्टनर मिलकर भारत की विशिष्ट बिज़नेस चुनौतियों के लिए समाधान तैयार करेंगे। यहां आईबीएम की पूरी सेवाओं और तकनीकों का अनुभव मिलेगा, जिसमें एआई (जैसे वाटसनएक्स प्लेटफॉर्म), डेटा और ऑटोमेशन, साइबर सिक्योरिटी, हाइब्रिड क्लाउड और कंसल्टिंग-आधारित ट्रांसफॉर्मेशन शामिल हैं।