महापौर सहित निगम के अधिकारियों ने विनियमितीकरण के प्रमाण पत्र दिए
एवीएस न्यूज, भोपाल।


नगर निगम में 114 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी मंगलवार को विनियमित कर्मचारी हो गए। निगम मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में महापौर मालती राय ने उक्त कर्मचारियों को विनियमितीकरण के प्रमाण पत्र दिए। वर्ष 2006 से 2016 तक तत्कालीन कोलार नगर पालिका में कार्यरत रहे तथा नगर पालिका के भोपाल नगर निगम में विलय के 10 साल बाद से लगातार दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। 
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि इस निर्णय से कर्मचारियों को सेवा में स्थायित्व, आर्थिक सुरक्षा और भविष्य के प्रति भरोसा मिलेगा। लंबे समय से निगम की विभिन्न व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के योगदान को देखते हुए उन्हें यह लाभ प्रदान किया गया है। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद कर्मचारियों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।
इस अवसर पर सभी लाभार्थी कर्मचारियों को नई शुरुआत और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य रविंद्र यति, जोन अध्यक्ष बृजुला सचान, जोन अध्यक्ष आरती अनेजा, अपर आयुक्त वरुण अवस्थी, उपायुक्त चंचलेश गिरहरे सहित निगम के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।