जैन सोशल ग्रुप ने मनाया पर्यावरण पखवाड़ा, केरवा डैम पर किया पौध रोपण: अध्यक्ष सुनील डोसी और फेडरेशन अध्यक्ष संतोष जैन 'मामा' की मौजूदगी में लगाए छायादार, फलदार और औषधीय पौधे
एवीएस न्यूज.भोपाल
पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जैन सोशल ग्रुप द्वारा पर्यावरण पखवाड़े के अंतर्गत केरवा डैम पर पौध रोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष सुनील डोसी ने की, जबकि फेडरेशन अध्यक्ष संतोष जैन 'मामा' मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में छायादार, फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति संवर्धन का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुनील डोसी ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। जैन धर्म सदैव प्रकृति प्रेम और जीव दया का संदेश देता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प ले।

फेडरेशन अध्यक्ष संतोष जैन 'मामा' ने जैन सोशल ग्रुप के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रकृति की रक्षा नहीं की गई तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और पानी जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन सीमा जैन और सुजीत रामपुरिया ने किया। वहीं सीमा जितेंद्र जैन ने सदस्यों के लिए मनोरंजक खेलों का आयोजन किया, जिसमें सभी ने उत्साह के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर ग्रुप के पदाधिकारी, महिला मंडल, युवा टीम सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मार्गदर्शक राजेश आई.एल. मेहता, अरुण कोठारी, हितेंद्र, हेमंत, सुधीर भंडारी, दीपक मालू सहित अनेक दम्पति सदस्य शामिल हुए। राष्ट्रगान और आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






