डेढ़ दशक बाद मंडी अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति की सौगात : मंडी बोर्ड में बड़े स्तर पर पदोन्नतियां, सहायक वर्ग-2 से सहायक वर्ग-1 और सहायक यंत्रियों को मिला कार्यपालन यंत्री का पद
मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने मंडियों के 164 अधिकारी- कर्मचारियों को पदोन्नति की
एवीएस न्यूज..भोपाल
मध्यप्रदेश राज्य कृषि उपज विपणन (मंडी) बोर्ड के प्रबंध संचालक सह आयुक्त कुमार पुरुषोत्त के दिशा-निर्देश पर मध्यप्रदेश में संचालित कृषि उपज मंडियों के कर्मचारियों को करीब डेढ़ दशक बाद पदोन्नति की सौगात मिली है। मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की अनुशंसा के आधार पर विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत सहायक वर्ग-2 कर्मचारियों को सहायक वर्ग-1 के पद पर तथा सहायक यंत्रियों को कार्यपालन यंत्री के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसके अलावा सचिव-‘स’ संवर्ग के अधिकारियों को सचिव-‘ब’ पद पर और मंडी निरीक्षकों को पदोन्नति दी है।
20 सहायक वर्ग-2 कर्मचारियों को मिली सहायक वर्ग-1 की जिम्मेदारी
मंडी बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विभागीय पदोन्नति समिति की 10 जुलाई 2026 को हुई बैठक में सहायक वर्ग-2 संवर्ग के कर्मचारियों को पदोन्नति के लिए उपयुक्त पाया गया। समिति की अनुशंसा के बाद उन्हें स्थानापन्न रूप से सहायक वर्ग-1 के पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नत कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के लेवल-7 कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से लाभ मिलेगा। पदोन्नति पाने वालों में विजय कुमार जोशी, यदुराज चौहान, राजयती तिवारी, कल्पना गजभिए, मसूद जफर खान, मोहन डोडियार, रविशंकर मर्सकोले, यमनाथ गैरे, रघुनाथ बोराना, महेश कुमार शर्मा सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
12 सहायक यंत्रियों को बनाया गया कार्यपालन यंत्री
मंडी बोर्ड ने तकनीकी संवर्ग में भी पदोन्नति आदेश जारी करते हुए 12 सहायक यंत्रियों को कार्यपालन यंत्री के पद पर पदोन्नत किया है। इन अधिकारियों में गुलाब चंद यादव, हेमंत कुमार हिरकने, सुरेश चंद्र गोयल, प्रभाकर राव मोरे, आशुतोष मिश्रा, लाकेश सूर्यवंशी, संजय कुमार सिंह, शालिनी श्रीवास्तव, श्रद्धा भार्गव, शैलेन्द्र मंडलोई, अर्पणा वासनिक और फूलचंद उड़के शामिल हैं।
सचिव संवर्ग के 15 अधिकारियों और 107 मंडी निरीक्षकों को मिली पदोन्नति
मंडी बोर्ड ने सचिव-‘स’ संवर्ग के 15 अधिकारियों को सचिव-‘ब’ पद पर पदोन्नत किया है। पदोन्नति पाने वालों में रामयौर किरार, ममता वर्मा, रविन्द्र प्रताप सिंह, सोहनलाल, सुजाता चौधरी, नीलकमल वैद्य, मंशाराम जमरे, रेशम मंडलोई, शर्मिला निमामा, हेमवती कवरेती, लता सिंह सैनानी, अनिल कुमार उजले, सुनील कुमार भालेकर, रचना चौहान और रमेश चंद्र यास्के शामिल हैं। इसके अलावा मंडी निरीक्षक संवर्ग के 107 अधिकारियों को सचिव-‘स’ संवर्ग के पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं।
सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले के अधीन रहेंगी पदोन्नतियां
उल्लेखनीय है कि मंडी बोर्ड के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी पदोन्नतियां सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिका क्रमांक 13954/2016 तथा सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय द्वारा भविष्य में पारित आदेशों के अधीन रहेंगी। बोर्ड ने यह भी प्रमाणित किया है कि पदोन्नति प्रक्रिया में मध्यप्रदेश लोक सेवा (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षण) नियम 1994 और मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम 2025 के प्रावधानों का पालन किया गया है।






