25 हजार सफल हार्ट सर्जरी का कीर्तिमान, डॉ. युगल किशोर मिश्रा सम्मानित
एवीएस न्यूज.भोपाल
मणिपाल हॉस्पिटल्स के मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियक साइंसेज के चेयरमैन डॉ. युगल किशोर मिश्रा को 25,000 सफल हृदय सर्जरी पूरी करने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर भोपाल में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि डॉ. मिश्रा की 25 हजार सफल हार्ट सर्जरी का रिकॉर्ड देश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. मिश्रा ने कार्डियक केयर के क्षेत्र में नई दिशा दी है और हजारों मरीजों को नया जीवन प्रदान किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए डॉ. मिश्रा और एचसीएमसीटी मणिपाल हॉस्पिटल की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. युगल किशोर मिश्रा ने कहा कि भारत में होने वाली लगभग एक-तिहाई मौतें हृदय रोगों के कारण होती हैं। ऐसे में समय पर जांच और आधुनिक उपचार बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 25 हजार सफल सर्जरी का यह आंकड़ा मरीजों और उनके परिवारों के भरोसे तथा पूरी मेडिकल टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। मणिपाल हॉस्पिटल्स आधुनिक तकनीक और ‘मरीज सर्वोपरि’ की सोच के साथ बेहतर कार्डियक केयर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. मिश्रा मिनिमली इनवेसिव और रोबोटिक हार्ट सर्जरी के क्षेत्र में देश के अग्रणी विशेषज्ञों में शामिल हैं। उनके नेतृत्व में मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियक साइंसेज जटिल हृदय रोगों के उपचार में अत्याधुनिक तकनीक और मरीज-केंद्रित सेवाओं के जरिए लगातार नए मानक स्थापित कर रहा है। समारोह में चिकित्सा जगत के अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।






