मंत्री कृष्णा गौर की अध्यक्षता में आयोजित हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक 

24 घंटे बिजली बैकअप, ओटी के लिए थ्री-फेज लाइन की मिलेगी सुविधा

एवीएस न्यूज, भोपाल।
भेल क्षेत्र के गोविंदपुरा हताईखेड़ाखेड़ा स्थित सिविल हॉस्पिटल में मंगलवार को रोगी कल्याण समिति साधारण सभा बैठक मंत्री कृष्णा गौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई।  बैठक में अस्पताल में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए डीजी सेट, डीजल एवं इन्वर्टर की व्यवस्था करने, ऑपरेशन थिएटर में स्टेरलाइजेशन के लिए ऑटोक्लेव चलाने के लिए थ्री फेज लाइन कनेक्शन, अस्पताल में पुलिस चौकी स्थपित करने, ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। उल्लेखनीय है कि एवीएस न्यूज ने 28 मई और 4 जून 2026 को सिविल अस्पताल की कमियों को उजागर करते हुए प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री और क्षेत्रीय विधायक कृष्णा गौर ने मंगलवार को बैठक की और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार किया जाए
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक कृष्णा गौर ने कहा कि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से इस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं  विस्तार किया जाए। रोगी कल्याण समिति के निर्णयों के अनुरूप अन्य स्वीकृतियों के लिए राज्य शासन से पत्राचार कर संसाधनों की व्यवस्था की जाए।

अस्पताल में मिलेगी सभी सुविधाएं: शर्मा

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा अस्पताल में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध करवाया गया है। अस्पताल में सामान्य प्रसव की सुविधा उपलब्ध है, जल्द ही यहां पर सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।