बंपर पैदावार और आवक से मक्का समर्थन मूल्य से 800 से 1000 रुपए नीचे
भोपाल गल्ला मंडी में 800 बोरा तो मध्यप्रदेश की मंडियों में करीब दो से ढ़ाई लाख बोरे की आवक
आत्माराम सोनी .भोपाल
मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2025-26 सीजन के लिए 2400 प्रति क्विंटल है, लेकिन बंपर पैदावार और मंडियों में अधिक आवक के कारण यह 1300 से 1600 प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है, जो कि समर्थन मूल्य से 800 से 1000 कम है। यह स्थिति किसानों के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि बाजार मूल्य समर्थन मूल्य से काफी नीचे है।
राजधानी के करोंद मंडी स्थित अनाज कारोबारी और भोपाल ग्रेन मर्चेंट एंड ऑयल सीड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश ज्ञानचंदानी और प्रवक्ता संजीव जैन ने बताया कि राजधानी के आसपास के ग्रामीण अंचलों के अलावा समूचे मध्यप्रदेश में इस बार मक्के की बंपर पैदावार है। पैदावार की अधिकता होने के साथ मंडियों में आवक भी बंपर होने से इसके भाव समर्थन मूल्य से 800 से 1000 रुपए नीचे है तो गत वर्ष की तुलना में भाव में 800 रुपए नीचे है।
गल्ला व्यापारियों के अनुसार राजधानी के करोंद स्थित गल्ला मंडी में मक्के की आवक 700 से 800 बोरा रोजाना की आवक है जबकि मध्यप्रदेश की मंडियों में मक्के की आवक दो से ढ़ाई लाख बोरी की बताई जा रही है।
कारोबारी संजीव जैन ने बताया कि मंडियों में अनाज व्यापारी मक्के की जो खरीदी कर रहे हैं वह शराब फैक्ट्री, एथेनॉल और स्टॉर्च उपयोगी के लिए प्लांटों में पहुंच रहा है। उन्होंने ने बताया कि प्लांटों की लेवाली फिलहाल कमजोर है वजह भारी उत्पादन है। यह कारण है कि किसान अपने मक्का को मंडियों में कम भाव पर बेचने को मजबूर है।
मक्के पर कंट्रोल ऑर्डर लाने की मांग हुई तेज
मक्का उत्पादक किसानों ने सरकार से मक्के पर कंट्रोल ऑर्डर लाने की मांग की है। ताकि इथेनॉल डिस्टिलरीज को किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मक्का खरीदने के लिए मजबूर किया जा सके। किसानों ने उद्योगों (डिस्टिलरी) के साथ किए जा रहे व्यवहार में सरकारी नीति में पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहते हैं कि जब सरकार तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के माध्यम से गारंटीकृत मूल्य पर उपज (इथेनॉल) खरीद रही है, तो उसे कच्चे माल की कीमत भी निर्धारित करनी चाहिए।
डिस्टिलरी को फायदा और किसान एमएसपी से नीचे मक्का बेचने को मजबूर
किसानों का कहना है कि ओएमसी के जरिए डिस्टिलरी से 71.86 रुपए /लीटर पर एथेनॉल खरीदी रही है। जबकि मंडियों में उपलब्ध औसत मक्का भाव (1821 रुपए/क्विंटल) के आधार पर एथेनॉल का मूल्य 54 रुपए /लीटर होना चाहिए। किसानों ने कहाकि लाभ किसानों को देने का वादा तो किया गया, लेकिन फायदा डिस्टिलरी को मिला और किसान एमएसपी से बहुत नीचे मक्का बेचने को मजबूर हैं।

