कृषि उपज मंडी समिति में बैठक आयोजित, बड़ी संख्या में श्रमिक और व्यापारी प्रतिनिधि रहे मौजूद


एवीएस न्यूज.भोपाल 
पंडित लक्ष्मीनारायण शर्मा कृषि उपज मंडी समिति, करोंद भोपाल के प्रशासनिक भवन में बुधवार को हम्माल, तुलावटी एवं लोडिंग-अनलोडिंग से जुड़े श्रमिकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडी प्रांगण में यातायात व्यवस्था, श्रमिकों की सुरक्षा और नशामुक्ति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में नरेश कुमार परमार, उपसंचालक/सचिव, सहायक पुलिस आयुक्त अजय बाजपेयी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जितेंद्र शर्मा, भोपाल ग्रेन सीड्स ऑयल मर्चेंट्स के अध्यक्ष हरीश ज्ञानचंदानी, पूर्व हम्माल सदस्य आबिद अली तथा फल-सब्जी हम्माल संघ के अध्यक्ष यूनुस खान, मंडी निरीक्षक जीवन सिंह राजपूत, रघुवीर शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

 


 नशे से दूर रहने का दिया संदेश
कार्यक्रम में उमंग नशा मुक्ति केंद्र के प्रतिनिधियों ने मंडी में कार्यरत हम्मालों एवं लोडिंग-अनलोडिंग से जुड़े श्रमिकों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही नशे से प्रभावित व्यक्तियों को उचित परामर्श और नशामुक्ति केंद्रों से जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। श्रमिकों को यह भी बताया गया कि मंडी प्रांगण में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें।

जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल को सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण बनाना रहा। बैठक में मंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के पालन पर भी चर्चा की गई। लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान यातायात बाधित न हो और मंडी में आने-जाने वाले वाहनों एवं श्रमिकों की आवाजाही व्यवस्थित रहे, इस पर भी जोर दिया गया।


  बड़ी संख्या में श्रमिक और व्यापारी हुए शामिल
कार्यक्रम में मंडी समिति के बड़ी संख्या में अनुज्ञप्तिधारी हम्माल, तुलावटी एवं श्रमिकों के साथ व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने श्रमिकों से जागरूक रहकर सुरक्षित एवं अनुशासित तरीके से कार्य करने की अपील की। बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों, व्यापारी प्रतिनिधियों और श्रमिकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।