प्रदेश में करीब 14 टन रोजाना और भोपाल जिले में 100 टन की प्रतिमाह घी की खपत

एवीएस न्यूज.भोपाल
केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में संशोधन 22 सितंबर 2025 से प्रभावी किया। जिसके बाद सांची घी पर जीएसटी की दर 12 फीसदी से घटकर 5 हो गई थी और दाम प्रति लीटर 40 रुपए सस्ता हुआ था। लेकिन डेढ़ महीने बाद ही  एमपी स्टेट कोआपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (एमपीसीडीएफ) के निर्देश पर भोपाल सहकारी दुग्ध संघ सहित सभी दुग्ध संघों ने सांची गाय घी और सांची भैस घी दोनों में ही 30 रुपए प्रति लीटर की मूल्य वृद्धि कर दी।

 इस मूल्य वृद्धि के बाद अब उपभोक्ताओं की जीएसटी कटौती का लाभ नहीं मिलेगा। क्योंकि जीएसटी कटौती के पहली यानी 22 सितंबर 2025 के पूर्व सांची घी की एमआपी 630 रुपए लीटर थी, जो जीएसटी कटौती के बाद 40 रुपए की कटौती के बाद सांची घी की एमआरपी 590 रुपए प्रति लीटर हो गई। मगर अब एमपीसीडीएफ के निर्देश पर भोपाल सहित प्रदेश भर के दुग्ध संघों द्वारा सांची घी के दाम में 30 रुपए की मूल्य वृद्धि किए जाने के बाद अब इसकी एमआरपी 620 रुपए प्रति लीटर हो गई है।  अत: जीएसटी दर में कटौती से घटे दाम का लाभ अब ग्राहकों को इस मूल्य वृद्धि के बाद नहीं मिलेगा। 

समूचे प्रदेश में सालाना 5 हजार मीट्रिक टन घी की बिक्री
एमपीसीडीएफ के डीपी सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन दुग्ध संघों के जरिए समूचे प्रदेश में सालाना 5 हजार मीट्रिक टन घी की बिक्री की जाती है। बात रोजाना की करें तो समूचे  प्रदेश में करीब 14 टन रोजाना सांची घी बिकता है।

सांची के दाम में मूल्य वृद्धि 16 नवंबर 2025 से लागू

 भोपाल दुग्ध संघ के मार्केटिंग प्रभारी शलभ सियोते ने बताया कि राजधानी भोपाल जिले में प्रतिमाह घी की खपत 100 टन की है। शलभ सियोते ने बताया कि सांची के दाम में मूल्य वृद्धि 16 नवंबर 2025 से लागू है।  

गाय और भैस घी में क्रमश: 30-30 रुपए प्रति लीटर की मूल्य वृद्धि हुई है। अत: मूल्य वृद्धि के बाद सांची भैस घी की एमआरपी 620 रुपए और सांची गाय घी की एमआरपी 667 रुपए हो गई है। इसके साथ ही 5 लीटर, आधा लीटर और 200 एमएल पैक के घी में भी मूल्य वृद्धि हो गई है।

उल्लेखनीय है कि सांची घी के दाम में हुई इस मूल्य वृद्धि के बाद सांची घी प्रेमी ग्राहकों की जेब पर अब महंगाई का बोझ पड़ेगा और 30 रुपए प्रति लीटर घी के दाम अधिक चुकाना पड़ेगा।  


सांची घी के प्रति लीटर दाम पर एक नजर 
जीएसटी कटौती के पहले  एमआरपी 630 रुपए 
जीएसटी कटौती के बाद एमआरपी 590 रुपए 
अब 30 रुपए मूल्य वृद्धि के बाद एमआरपी 620 रुपए  (सांची भैस घी)  और सांची गाय घी का एमआरपी 667 रुपए हुआ।