ट्रेनों में अपग्रेडेशन सिस्टम की सुविधा–यात्रियों को मिलेगा उच्च श्रेणी में यात्रा का अवसर
भोपाल। यात्रियों को बेहतर, सहज एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय रेल द्वारा ट्रेनों में अपग्रेडेशन सिस्टम संचालित किया जा रहा है। इस प्रणाली के माध्यम से सिस्टम द्वारा आटोमेटिक ही यात्रियों को उनकी वर्तमान लोअर श्रेणी से उच्च श्रेणी में निःशुल्क अपग्रेड प्रदान किया जाता है, बशर्ते उच्च श्रेणी में सीटें उपलब्ध हों एवं यात्री द्वारा इस सुविधा का चयन किया गया हो।
चार्ट तैयार होने के दौरान यदि किसी कोच में सीटें खाली पाई जाती हैं, तो सिस्टम द्वारा बिना किसी कन्सेशन पर बने टिकट को स्वतः ही उच्च श्रेणी में अपग्रेड कर देता है। इस प्रक्रिया में यात्रियों को किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होता। साथ ही सीटें अपग्रेड होने के बाद प्रतीक्षारत सूची के यात्रियों को भी कन्फर्म आरक्षित बर्थ मिलने की सम्भावना बढ़ जाती है।
आंकड़ों की बात करें तो 1 अप्रैल 2025 से 15 नवम्बर 2025 तक की अवधि में भोपाल मंडल में 32,759 यात्रियों को अपग्रेडेशन सुविधा का लाभ प्रदान करते हुए उच्च श्रेणी में आरक्षित सीटें को अपग्रेड किया गया।
सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि रेलवे द्वारा यह व्यवस्था यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के साथ साथ सीटों का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। यात्रियों से अपील है कि वे टिकट बुकिंग के दौरान उपरोक्त विकल्प चुनकर इस सुविधा का लाभ उठाएँ और बेहतर तथा आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त करें।

