पुराने भोपाल के पुन: विकास एवं व्यापारियों के व्यापार उत्थान के लिए जरूरी 

एवीएस न्यूज .भोपाल
पुराने शहर के व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पुराने भोपाल के पुन:विकास और यहां के व्यापार उत्थान के लिए यूनानी शफाखाना का पुनर्विकास आवश्यक है।

संगठनों के प्रतिनिधियों ने यूनानी शफाखाना स्थल पर बहुमंजिला भवन एवं अंडरग्राउंड पार्किंग का सुझाव शासन-प्रशासन को दिया है साथ व्यापारियों की शीर्ष संस्था भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों सहित समस्त कार्यकारिणी का इस ओर ध्यान आकर्षित करने शासन -प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा।  

श्री होलसेल सर्राफा एसोसिएशन भोपाल के अध्यक्ष संजीव गर्ग, सचिव विजय वर्मा, कोषाध्यक्ष अखिलेश मित्तल सहित समस्त पदाधिकारियों ने कहा कि राजा भोज एवं गोंड रानी कमलापति की झीलों का शहर भोपाल अपने ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में प्रसिद्ध है।

वर्तमान समय में पुराने भोपाल का प्रमुख व्यापारिक केंद्र सराफा चौक माना जाता है, जहां प्राचीन जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न प्रकार के होलसेल एवं फुटकर व्यापार संचालित होते हैं।
 

व्यापार में आ चुकी है लगभग 60 फीसदी से अधिक गिरावट 
किंतु वर्तमान में इस क्षेत्र में अत्यधिक अतिक्रमण, पार्किंग की उचित व्यवस्था का अभाव, सुलभ कॉम्प्लेक्स एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण व्यापार की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। परिणामस्वरूप व्यापारी एवं स्थानीय निवासी इस क्षेत्र से पलायन करने को विवश हो रहे हैं तथा व्यापार में लगभग 60 फीसदी से अधिक गिरावट आ चुकी है।

व्यापारिक संगठनों ने प्रतिनिधियों ने कहाकि सांसद आलोक शर्मा द्वारा अतिक्रमण हटाने एवं व्यापारियों के हित में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं, जिसके लिए समस्त व्यापारी एवं रहवासी उनका आभार व्यक्त करते हैं। लेकिन यूनानी शफाखाना एक महत्वपूर्ण स्थल है, जिसे पुनर्विकसित किया जाना जरूरी है। 
 

पुराने भोपाल के व्यापारियों एवं रहवासियों के लिए इस प्रस्ताव पर क्रियान्वयन सिद्ध होगा लाइफलाइन  
सुझाव दिया किया उक्त स्थल पर बहुमंजिला भवन एवं अंडरग्राउंड पार्किंग बनाई जा सकती है। साथ ही तीसरी मंजिल पर आधुनिक यूनानी, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक अस्पताल की स्थापना की जाए। ऐसा होने से पुराने भोपाल के व्यापारियों एवं रहवासियों के लिए लाइफलाइन सिद्ध होगा। संजीव गर्ग ने बताया कि पुरातत्व विभाग के अनुसार यूनानी शफाखाना परिसर हैरिटेज संपति की श्रेणी में नहीं आता है।

उन्होंने भोपाल सांसद आलोक शर्मा सहित चेंबर की नवगठित समस्त कार्यकारिणी से अनुरोध कि या कि पुराने के व्यापार विकास के साथ आमजन के हित में व्यापारियों के इस प्रस्ताव को प्रशासन एवं शासन के समक्ष प्रस्तुत कर शीघ्र क्रियान्वयन के लिए आवश्यक पहल शुरू करवाया जाए।