भावांतर के फेर में भोपाल सहित प्रदेशभर की मंडियों में सोयाबीन की बंपर आवक
भोपाल सहित मप्र में सोयाबीन की 3 लाख बोरे से अधिक की आवक
शुरू सीजन से अब तक सोयाबीन में 500 रुपए की तेजी तो भावांतर मॉडल रेट में 43 रुपए क्विंटल की बढ़त हुई
आत्माराम सोनी.भोपाल
राजधानी करोंद स्थित अनाज मंडी प्रांगण के अलावा मध्यप्रदेश की मंडियों में भावांतर योजना के फेर के चलते सोयाबीन की बंपर आवक हो रही है। मंडियों में सोयाबीन से भरे ट्रेक्टर ट्रालियों की लंबी लाइन लग रही है। करोंद स्थित भोपाल गल्ला मंडी में सोयाबीन की जहां रिकार्ड 6 हजार से साढ़े छह हजार बोरे की रोजाना आवक हो रही है तो वहीं समूचे प्रदेश की कृषि उपज मंडियों में हर रोज 3 लाख से साढ़े 3 लाख बोरा सोयाबीन पहुंच रहा है।

भोपाल ग्रेन मर्चेंट एंड ऑयल सीड्स एसोसिएशन के प्रवक्ता संजीव जैन, सकल दलहन, अनाज व्यापारी महासंघ सिरोंज मंडी के अध्यक्ष समीर भार्गव ने बताया कि शुरूआती सीजन से अब तक सोयाबीन के भाव में 500 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी आई है। शुरूआत में सोयाबीन 4000 से 4200 रुपए क्विंटल बिका था, लेकिन अब मंडियों में 4600 से 4650 रुपए क्विंटल के भाव बिक रहा है। जबकि समर्थन मूल्य 5325 रुपए क्विंटल है। सरकार द्वारा भावांतर योजना की घोषणा के 10 दिन बाद 7 नवंबर को 4220 रुपए प्रति सोयाबीन का मॉडल भाव जारी किया है, जो बुधवार यानी 19 नवंबर को सोयाबीन का मॉडल भाव 4263 रुपए जारी हुआ। कुल मिलाकर 13 दिनों में सरकार द्वारा जारी मॉडल भाव में 43 रुपए क्विंटल की मूल्य वृद्धि दर्ज हुई है।
एसोसिएशन के प्रवक्ता संजीव जैन ने बताया कि भावांतर के फेर में इन दिनों किसान मंडियों में सोयाबीन खूब बेच रहे हैं क्योंकि राज्य सरकार द्वारा किसानों को समर्थन मूल्य और भावांतर मॉडल रेट के बीच के अंतर की राशि किसानों के खाते में डाली जा रही है। जिसके चलते किसानों भरपूर सोयाबीन की बिक्री करने मंडी पहुंच रहे हैं।

13 दिन में मॉडल रेट बढ़कर 4020 से 4263 रुपए तक पहुंचा
सोयाबीन का 13 दिन में मॉडल रेट बढ़कर 4020 से 4263 रुपए तक पहुंचा । भावांतर योजना 2025 के अंतर्गत सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए 19 नवंबर को 4263 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी किया गया है। यह मॉडल रेट उन किसानों के लिए है जिन्होंने अपनी सोयाबीन की उपज मंडी प्रांगणों में विक्रय की है। इस मॉडल रेट के आधार पर ही भावांतर की राशि की गणना की जाएगी। सोयाबीन के मॉडल रेट में लगातार वृद्धि जारी है। पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी किया गया था। इसी तरह 8 नवंबर को 4033 रुपए, 9 और 10 नवंबर को 4036 रुपए, 11 नवंबर को 4056 रुपए, 12 नवंबर को 4077 रुपए, 13 नवंबर को 4130 रुपए, 14 नवंबर को 4184 रुपए, 15 नवंबर को 4225 रुपए, 16 नवंबर को 4234 रुपए तथा 17 नवंबर को 4236 रुपए, 18 नवंबर 4255 रुपए और 19 नवंबर को 4263 रुपए प्रति क्विंटल का मॉडल रेट जारी हुआ।

