‘गुणवत्ता यात्रा’ में उत्पाद गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता को बढ़ाने पर दिया बल
भेल भोपाल के अहिल्याबाई गेस्ट हाउस में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
एवीएस न्यूज, भोपाल। क्षेत्रीय औद्योगिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में भारत हैवी इलेक्टि्रकल्स लिमिटेड (भेल), भोपाल ने क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) एवं राष्ट्रीय परीक्षण एवं अंशांकन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड के सहयोग से अहिल्याबाई गेस्ट हाउस के सभागार में ‘गुणवत्ता यात्रा’ जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विनिर्माण उद्योगों, परीक्षण प्रयोगशालाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों के मध्य गुणवत्ता संबंधी अंतर को कम करना था। विशेष रूप से स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की उत्पाद गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता को बढ़ाने पर बल दिया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जीपी बघेल, महाप्रबंधक (गुणवत्ता), भेल भोपाल द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा में टिके रहने के लिए मानकीकरण एवं प्रयोगशाला प्रत्यायन को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। कार्यक्रम के दौरान जगत पटेल, सलाहकार (क्यूसीआई) ने भारतीय उद्योगों के समर्थन के लिए क्यूसीआई द्वारा विकसित गुणवत्ता ढांचे की विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं, शिशिर बसर, वरिष्ठ फैकल्टी, एनएबीएस ने प्रक्रियागत सुधार एवं औपचारिक प्रत्यायन से संगठनों को प्राप्त होने वाले दीर्घकालिक लाभों पर प्रकाश डाला।






