भेल क्षेत्र के गायत्री प्रज्ञा पीठ बरखेड़ा में 150 से अधिक बच्चे ले रहे प्रशिक्षण
 
एवीएस न्यूज, भोपाल। 

गायत्री प्रज्ञा पीठ बरखेड़ा में आयोजित प्रतिभा जागरण शिविर के तीसरे दिन योग, प्राणायाम, अच्छा इंसान बनने के सूत्र, गायत्री मंत्र एवं उसके प्रभाव तथा डफली वादन का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण शिविर में संचालित बाल संस्कारशाला एवं अन्य स्थानों से पधारे 150 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इस प्रशिक्षण का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।  बाल संस्कारशाला के संचालक अनिल कछावा ने मिशन द्वारा लोककल्याणार्थ चलाई जा रही गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी दी। 


पुलिस अधिकारियों ने बताए सुरक्षा और ट्रैफिक नियम और हेलमेट पहनने के लाभ
अतिरिक्त पुलिस विभाग के जय सिंह तोमर, आरआई, जिला भोपाल द्वारा बच्चों को ट्रैफिक नियमों, हेलमेट पहनने के लाभ, आपातकालीन स्थिति में क्या करना चाहिए तथा संविधान एवं कानून के महत्व के विषय में बहुत ही आकर्षक ढंग से जानकारी दी। इस दौरान बच्चों ने भी कई प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। पुलिस विभाग की सूबेदार सपना त्रिवेदी, भावना भारद्वाज जो कि ब्राइट माइंड संस्था की प्रशिक्षक हैं, द्वारा बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों की आवश्यकता, गुड एवं बैड टच तथा सूंघकर वस्तुओं एवं रंगों की पहचान कैसे की जाती है, आदि विषयों पर बहुत ही रोचक ढंग से समझाते हुए प्रेरित किया गया। 


ट्रस्टी शिवनारायण ने किया आभार व्यक्त
गायत्री प्रज्ञा पीठ बरखेड़ा के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी शिवनारायण सिंह राजपूत द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन तंबाकू निषेध दिवस 31 मई को राजेश पटेल, गायत्री परिवार ज़ोन समन्वयक, मध्य प्रदेश की उपस्थिति में किया जाएगा।