भेल के पिपलानी क्षेत्र स्थित शिवलोक फेस-2 का मामला
कॉलोनी के गेट पर कचरे के ढेर में फेंके चालू बिजली मीटर, विभाग की बड़ी लापरवाही
पिछले तीन महीने से देखने तक नहीं आए कर्मचारी


शिवनारायण सोनी,  भोपाल।  राजधानी के भेल क्षेत्र स्थित शिवलोक फेस-2 कॉलोनी में बिजली विभाग के कर्मचारियों की एक बड़ी और गंभीर लापरवाही सामने आई है। स्मार्ट मीटर तो सभी घरों में लगा दिए पर कॉलोनी के प्रत्येक घरों निकाले गए पुराने बिजली के मीटरों को गेट के पास स्थित कचरे के ढेर में लावारिस छोड़ दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि ये मीटर पिछले तीन महीनों से इसी हाल में पड़े हैं, लेकिन बिजली कंपनी का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी सुध लेने नहीं पहुंचा है।


स्थानीय निवासियों का कहना है कि कचरे में फेंके गए ये सभी मीटर पूरी तरह चालू हालत में थे, जिन्हें घरों से बदलकर यहां फेंक दिया गया। सरकारी संपत्ति का इस तरह कचरे के भाव पड़ा होना विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। खुले में पड़े इन मीटरों के कारण न सिर्फ सरकारी राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि कॉलोनी की सुरक्षा और स्वच्छता पर भी असर पड़ रहा है।


बिजली कंपनी के कर्मचारियों की बड़ी लापरवाही
कॉलोनी के पूर्व अध्यक्ष विजय रजक ने इस मामले पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि ये बिजली के मीटर पिछले तीन महीनों से कॉलोनी के मुख्य गेट के पास कचरे में पड़े हैं। यह बिजली कंपनी के कर्मचारियों की साफ तौर पर लापरवाही है। कॉलोनी के गेट जैसी मुख्य जगह पर विभाग का यह सामान पड़ा हुआ है, जिसे देखने वाला कोई नहीं है। हमने कई बार ध्यान आकर्षित कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।


लापरवाही पर की जाए कार्रवाई 
कचरे के ढेर में कीमती और चालू मीटरों का इस तरह पड़ा रहना सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक साबित हो सकता है। कॉलोनी वासियों ने मांग की है कि बिजली कंपनी के उच्च अधिकारी इस मामले का तुरंत संज्ञान लें, लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई करें और इन मीटरों को जल्द से जल्द वहां से सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।