बीएचईएल, भोपाल ने कोप्पल परियोजना के लिए पहला 765 केवी ट्रांसफॉर्मर बनाया
भेल के ईडी प्रदीप कुमार उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
एवीएस न्यूज, भोपाल।
बीएचईएल, भोपाल ने अपने तकनीकी कौशल का प्रदर्शन करते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बीएचईएल भोपाल के ट्रांसफॉर्मर प्रभाग (ब्लॉक 3) द्वारा निर्मित पहले 765 केवी, 500 एमवीए, आईसीटी ट्रांसफॉर्मर को कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर परियोजना स्थल के लिए रवाना किया। उपाध्याय ने इस दौरान निर्माण टीम के प्रयासों की जमकर सराहना की और इसे बीएचईएल भोपाल के उत्कृष्ट तकनीकी कौशल और प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक बताया।
ट्रांसफॉर्मर का निर्माण एवं परीक्षण भेल भोपाल में हुआ
यह ट्रांसफॉर्मर देश की अग्रणी विद्युत पारेषण कंपनी पावरग्रिड के कर्नाटक स्थित कोप्पल परियोजना स्थल के लिए तैयार किया गया है। इस प्रकार के पहले ट्रांसफॉर्मर का निर्माण एवं परीक्षण बीएचईएल, भोपाल परिसर में पावरग्रिड के अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिससे गुणवत्ता और भरोसे का एक और उदाहरण स्थापित हुआ। बीएचईएल भोपाल जो देश में विद्युत उपकरण निर्माण के क्षेत्र में एक अग्रणी इकाई है, ने एक बार फिर अपने गुणवतापूर्ण उत्पाद और समय पर आपूर्ति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ किया है। इस अवसर पर रूपेश तैलंग, महाप्रबंधक (फीडर्स एंड टीसीबी-मैनु., कमर्शियल एवं मेनटेंनेंस), जीपी बघेल, महाप्रबंधक (गुणता), एसके महाजन, महाप्रबंधक (टीसीबी-इंजी., सर्विसेज एवं एमएम), आरके अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम) सहित प्रभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।






