मानपुर में जमीन घोटाले का आरोप: रिटायर्ड राजस्व अधिकारी की रसूखदारी जारी
धर्मदास सोनी पर गंभीर आरोप: सरकारी और शमशान भूमि की बिक्री का मामला

भोपाल/उमरिया (एवीएस न्यूज) 


उमरिया जिले के मानपुर तहसील में रिटायर्ड राजस्व अधिकारी धर्मदास सोनी पर भूमि से जुड़े कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपने प्रभाव और पारिवारिक रसूख के दम पर भूमि अभिलेखों में छेड़छाड़ करवाने और सरकारी व्यवस्था को प्रभावित करने में सक्षम रहे हैं।

आरोप है कि उन्होंने शमशान भूमि और तालाब के आसपास की जमीन पर कब्जा कर लिया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, जिस भूमि का उपयोग पहले अंतिम संस्कार और दफन के लिए किया जाता था, उसे अब निजी उपयोग में लाकर उसकी बिक्री और प्लाटिंग की तैयारी की जा रही है।

यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति ने अपने कार्यकाल के दौरान कई एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा किया और 1984 के बाद से कई जमीनों के पट्टे अपनी पत्नी और अन्य परिजनों के नाम दर्ज कराए। क्षेत्र के कुछ लोगों का दावा है कि निजी भूमि के रिकॉर्ड में भी हेरफेर कर उसे अपने परिवार के नाम करवाया गया।

स्थानीय पीड़ितों का कहना है कि वर्तमान में वे भूमि स्वामित्व को लेकर परेशान हैं और कथित दबाव के कारण उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

 क्षेत्र के पीड़ितों का आरोप है कि रिटायर्ड राजस्व अधिकारी (पूर्व पटवारी-कानूनगो) धर्मदास सोनी ने अपने सेवाकाल के दौरान दबंगई का फायदा उठाते हुए कई अनियमितताएं कीं।

लोगों का कहना है कि वर्ष 1984 के बाद मानपुर क्षेत्र में कई जमीनों के पट्टे न केवल अपनी पत्नी कामनी देवी के नाम कराए गए, बल्कि निजी और कब्जे वाली भूमि के पट्टे भी अपने परिजनों के नाम दर्ज करवाए गए।

पीड़ितों के अनुसार वर्तमान स्थिति यह है कि धर्मदास सोनी परिजनों के नाम दर्ज भूमि का हवाला देकर स्थानीय लोगों पर दबाव बना रहे हैं। खासकर गरीब और भोले-भाले लोगों को इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इन गतिविधियों के चलते वह क्षेत्र में एक तरह से भूमाफिया के रूप में सक्रिय हैं।