रिलायंस रिटेल एआई-आधारित विकास के नए चरण में , मुकेश अंबानी ने भविष्य की रणनीति का किया खुलासा
एवीएस.मुंबई
रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की वार्षिक आम बैठक में चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि कंपनी की रिटेल इकाई अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई ) और डीप-टेक आधारित विकास के नए चरण में प्रवेश कर चुकी है, जिससे भारत में उपभोक्ता अनुभव और सप्लाई चेन दोनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
अंबानी ने बताया कि वर्ष 2006 में एक छोटे स्टोर से शुरू हुई रिलायंस रिटेलआज देश की सबसे बड़ी रिटेल कंपनी बन चुकी है और वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही तक 20,000 से अधिक स्टोर्स का नेटवर्क तैयार कर चुकी है।
उन्होंने कंपनी के विकास को तीन चरणों में समझाया-पहला चरण स्टोर विस्तार का, दूसरा डिजिटल इंटीग्रेशन (जैसे जियोमार्ट और अजिओ) का, और अब तीसरा चरण “डीप-टेक इंटेलिजेंस एरा” का है, जिसमें एआई, डेटा और ऑटोमेशन पर जोर रहेगा।
अंबानी के अनुसार, इस नए चरण का उद्देश्य उपभोक्ताओं को अधिक व्यक्तिगत और तेज सेवाएं देना है, साथ ही सप्लाई चेन को अधिक स्मार्ट और कुशल बनाना है।
उन्होंने कहा कि बदलते भारत में ग्राहक अब डिजिटल और मोबाइल-आधारित खरीदारी को तेजी से अपना रहे हैं, और कंपनी इसी बदलाव का नेतृत्व कर रही है।






