एवीएस न्यूज. नई दिल्ली


 भारत के प्रमुख इलेक्ट्रिक स्कूटर निर्माता, एथर एनर्जी लिमिटेड का रिटेल नेटवर्क भारत में 700 एक्सपीरियंस सेंटर्स को पार कर गया है। एथर ने पिछले एक साल में 350 से अधिक नए एक्सपीरियंस सेंटर खोले हैं, जिससे कंपनी का रिटेल नेटवर्क 31 मार्च, 2025 को 351 सेंटर से बढ़कर लगभग दोगुना हो गया है। इस तेज विस्तार ने एथर को विभिन्न बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत बनाने में मदद की है, जिससे कंपनी मौजूदा और नए बाजारों में अपना बिज़नेस बढ़ाने में समर्थ बनी है।


पिछले एक साल में एथर के बढ़ते रिटेल फुटप्रिंट की मदद से कंपनी और ज्यादा ग्राहकों तक पहुँचने में समर्थ बनी है। वाहन डेटा के मुताबिक मार्च, 2026 में देश के बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़कर 18.7 प्रतिशत हो गई। इस उपलब्धि में एथर के पहले फैमिली स्कूटर एथर रिज़्टा की सफलता का एक बहुत बड़ा योगदान है, जिसके लॉन्च के बाद इसकी 2.8 लाख से अधिक यूनिट बिक चुकी हैं।

इससे नए ग्राहक वर्गों के बीच एथर की पहुँच बढ़ी है और नए बाजारों में भी एथर के स्कूटरों की मांग पैदा हुई है। साथ ही, एथर 450 परफॉर्मेंस स्कूटरों की स्थिर मांग ने विभिन्न क्षेत्रों में लगातार वृद्धि प्रदान की है।
वित्तवर्ष 2026 में एथर ने रिटेल विस्तार के लिए मध्य भारत एवं भारत के अन्य हिस्सों पर ध्यान केंद्रित किया है। इन बाजारों में कंपनी तेजी से विस्तार कर रही है और बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रही है।

इससे इन क्षेत्रों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है और एथर ने लगभग दोगुना वृद्धि की है। साथ ही, कंपनी दक्षिण भारत में भी अपनी पकड़ लगातार मजबूत बना रही है और टियर 2 एवं टियर 3 शहरों में भी अपना विस्तार कर रही है। इससे कंपनी को देश में एक संतुलित और विस्तृत फुटप्रिंट स्थापित करने में मदद मिल रही है।


एथर एनर्जी के चीफ बिज़नेस ऑफिसर, रवनीत सिंह फोकेला ने कहा, ‘‘पिछले साल हमने विकास के लिए अपने रिटेल फुटप्रिंट बढ़ाए। अब हम सभी जगहों पर अपने एक्सपीरियंस सेंटर्स का विस्तार कर चुके हैं, इसलिए मध्य भारत और भारत के अन्य हिस्सों में हम बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इससे हमें नए स्थानों और सेगमेंट्स पर ध्यान कंेद्रित करने में मदद मिली है, जिससे हमें वॉल्यूम और बाजार अंश में काफी बढ़त मिली। हमारा मानना है कि विकास की संभावनाएं अभी भी बाकी हैं। इसलिए हम अगली कुछ तिमाहियों तक इसी मार्ग पर आगे बढ़ते रहेंगे।


रिटेल विस्तार के अलावा, एथर स्वामित्व का सुगम अनुभव प्रदान करके लगातार अपने परिवेश को मजबूत बना रहा है। पिछले माह, भारत में कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर बढ़कर 500 से अधिक हो गए, जिससे उन सभी शहरों में भरोसेमंद आफ्टर-सेल्स सर्विस सपोर्ट उपलब्ध हुई, जहाँ पर कंपनी मौजूद है। साथ ही भारत का सबसे बड़ा टू-व्हीलर फास्ट-चार्जिंग नेटवर्क, एथर ग्रिड दुनिया में 4,357 फास्ट चार्जिंग एवं नेबरहुड चार्जिंग पॉईंट्स (31 दिसंबर, 2025) तक पहुँच गया, जहाँ से राईडर्स को सुविधाजनक और आसान चार्जिंग प्राप्त होती है।