भारत–मेक्सिको आर्थिक सहयोग को मिलेगी नई गति : सीआईआई और मेक्सिको के महावाणिज्य दूत के बीच अहम बैठक
एवीएस न्यूज.मुंबई
भारत और मेक्सिको के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के पश्चिमी क्षेत्र और मुंबई स्थित मेक्सिको के महावाणिज्य दूतावास के बीच हुई इस विशेष बातचीत में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुंबई में मेक्सिको के महावाणिज्य दूत एडोल्फो गार्सिया एस्ट्राडा और सीआईआई पश्चिमी क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अल्पा अंतानी शामिल हुए।
चर्चा के दौरान पश्चिमी भारत में व्यापार, निवेश, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर विचार किया गया। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि सीआईआई के विभिन्न मंचों का उपयोग कर मेक्सिको की कंपनियों और भारत के उद्योग जगत के बीच संवाद और व्यावसायिक साझेदारी को और मजबूत बनाया जा सकता है।
बैठक में दोनों पक्षों ने भारत और मेक्सिको के बीच आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने और भविष्य में संयुक्त विकास की दिशा में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।इस पहल से दोनों देशों के उद्योग जगत के बीच नए निवेश, व्यापारिक अवसरों और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।






