35,000 एजेंटों के साथ कर चुकी लगभग 86 लाख पॉलिसी जारी 

 एवीएस न्यूज.गुरुग्राम 
इफको-टोकियो इंश्योरेंस ने कई सहकारी समितियों के साथ मिलकर कम प्रीमियम वाली स्वास्थ्य, मोटर और अन्य बीमा पॉलिसियां शुरू की हैं। कंपनी की 25वीं सालगिरह पर शुरू हुई इस पहल से ग्रामीण और आम लोगों को सस्ते में बेहतर बीमा कवरेज मिलेगा। इरडा की नीतियों से प्रेरित यह कदम बीमा को और अधिक आसान और किफायती बनाएगा। 


इफको-टोकियो की साझेदारी के 25 साल पूरे
इफको-टोकियो जीआईसी, इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर को-ऑपरेटिव (इफको) और जापान स्थित टोकियो मरीन ग्रुप का ज्वाइंट वेंचर है। इसमें इफको की 51 फीसदी हिस्सेदारी है,जबकि टोकियो मरीन का 49 फीसदी हिस्सा है। कंपनी अपना 25वां स्थापना वर्ष मना रही है। इस मौके पर कंपनी के एमडी और सीईओ सुब्रत मंडल ने बताया कि कंपनी अब केवल किफायती बीमा नहीं, बल्कि लोगों की आकांक्षाओं और भारत की मजबूत आर्थिक वृद्धि को ध्यान में रखते हुए उत्पादों को और बेहतर बनाने पर काम कर रही है। 25 साल पहले एक मामूली शुरुआत के साथ दशकों के विश्वास की नींव पर कंपनी अब 1000 कार्यालयों और 35,000 एजेंटों के साथ लगभग 86 लाख पॉलिसी जारी कर चुकी है। इरडा  की विभिन्न पहलों से प्रेरणा लेते हुए इफको-टोकियो ने कम कवरेज वाले समुदायों के लिए किफायती बीमा समाधान पेश किये हैं।  
  प्रबंध निदेशक एवं सीईओ सुब्रत मंडल ने कहाकि शुरुआत में हमारी प्राथमिकता वहनीय बीमा पॉलिसी थीं, लेकिन अब विजन का दायरा लोगों की आकांक्षाओं और मजबूत अर्थव्यवस्था के अनुरूप बड़ा हो गया है, साथ ही हम इरडा के 2047 तक सभी के लिए बीमा के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध हैं। विश्वास, नवाचार और लचीलेपन को केंद्र में रखते हुए हमने मजबूत तकनीकी आधार स्थापित कर इफको‑टोकियो अब विकास के परिवर्तनकारी अगले चरण में प्रवेश कर रही है, जिसका लक्ष्य भारत में ग्राहक-केंद्रित, नवोन्मेषी और सामाजिक रूप से जिम्मेदार बीमा कंपनियों में से एक बनना है। 

श्री मंडल ने आगे कहा कि ग्राहकों और कर्मचारियों दोनों के संदर्भ में कंपनी का विस्तार इसके समावेशी विकास का उदाहरण है। महिला भागीदारी को बढ़ावा देते हुए कंपनी लैंगिक विविधता (जेंडर डाइवर्सिटी) और समानता के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए महिलाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर प्रदान करती है। इसके अलावा कंपनी ने वित्तीय समावेशन और सामुदायिक विश्वास को बढ़ावा देने के लिए 5,000 से अधिक महिला एजेंटों को प्रशिक्षण भी प्रदान किया है। 

कंपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहलों के माध्यम से सामाजिक कल्याण में सबसे आगे रही है। इफको-टोकियो की सीएसआर पहलों को शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से ग्रामीण युवाओं, विशेषकर महिलाओं को सशक्त बनाने, वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा में सुधार करने और हरित भविष्य के लिए सस्टेनेबल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए डिजाइन किया गया है।

अपनी 25 साल की शानदार यात्रा में इफको-टोकियो को बिजनेस एक्सीलेंस, इनोवेशन और ग्राहक सेवा के क्षेत्र में कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इनमें टोक्यो में मोटर ओन डैमेज (ओडी) दावों के संचालन में असाधारण उपलब्धि के लिए 'टोकियो मरीन ग्रुप अवार्ड 2025' और एंटरप्रेन्योर आउटलुक पत्रिका द्वारा 'भारत की टॉप जनरल इंश्योरेंस कंपनी अवार्ड 2025' शामिल है। कंपनी को 2025 में आयोजित इंडिया डेवऑप्स शो के 8वें संस्करण में क्वांटिक इंडिया से 'बेस्ट डेवऑप्स कल्चर (जनरल इंश्योरेंस)' और 'एप्लिकेशन सिक्योरिटी के लिए बेस्ट इंसीडेंट रिस्पांस स्ट्रैटेजी - जनरल इंश्योरेंस' पुरस्कार भी मिला।

इसके साथ ही इफको-टोकियो ने इनसाइट्स सक्सेस मीडिया द्वारा एशिया एक्सीलेंस अवार्ड्स 2025 में 'एशिया की सर्वश्रेष्ठ जनरल इंश्योरेंस कंपनी - 2025' का प्रतिष्ठित खिताब अर्जित किया है, और 16वें ईलेट्स हेल्थकेयर इनोवेशन समिट में 'टॉप हेल्थकेयर इंश्योरेंस कंपनी' का पुरस्कार भी जीता। इसे भारत बीमा शिखर सम्मेलन में 'सर्वश्रेष्ठ ग्राहक सेवा बीमा कंपनी पुरस्कार' से भी सम्मानित किया गया था। इसे सिनेक्स ग्रुप द्वारा 'इंडिया इंश्योरेंस समिट एंड अवार्ड्स 2025' में 'सर्वश्रेष्ठ ग्राहक सेवा बीमा कंपनी पुरस्कार' और जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित IBEX इंडिया BFSI टेक्नोलॉजी अवार्ड्स में उभरती हुई प्रौद्योगिकी का उपयोग करके परिचालन दक्षता में उत्कृष्टता के लिए 'नॉन-लाइफ इंश्योरेंस अवार्ड' से भी सम्मानित किया जा चुका है।