कलेक्टर राखी सहाय की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, टीकाकरण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज
एवीएस न्यूज. उमरिया/ भोपाल
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई, जिसमें टीकाकरण की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में एएनसी पंजीयन, अनमोल पोर्टल 2.0, उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की स्थिति, परिवार कल्याण कार्यक्रम, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, रक्तदान व्यवस्था और बाल मृत्यु समीक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
एएनसी पंजीयन में लक्ष्य से पीछे प्रगति
बैठक में बताया गया कि प्रथम तिमाही में एएनसी पंजीयन का वार्षिक लक्ष्य 25,401 है, जबकि अब तक अनुपातिक लक्ष्य 1,814 के मुकाबले 1,390 पंजीयन ही दर्ज किए गए हैं। इस पर कलेक्टर ने डाटा एंट्री में सुधार के निर्देश दिए।
टीकाकरण की स्थिति पर नाराज़गी
टीकाकरण समीक्षा में सामने आया कि 1 अप्रैल से 22 मई तक—
करकेली विकासखंड में 73%
मानपुर में 52%
पाली में मात्र 34% टीकाकरण
प्रगति दर्ज की गई है।
कम प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए, साथ ही लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
टीबी नियंत्रण और अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 1 अप्रैल से 22 मई तक 2,12,864 लक्ष्य के मुकाबले 38,377 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। वर्तमान में 388 मरीजों का उपचार जारी है।
जिले में 1,617 निक्षय मित्र सक्रिय हैं और 375 लाभार्थियों को फूड बास्केट वितरित किए जा चुके हैं।
रक्तदान और एनसीडी स्क्रीनिंग पर जोर
कलेक्टर ने रक्तदान शिविरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए और गैर-संचारी रोग (NCD) की स्क्रीनिंग में तेजी लाने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह, सीएमएचओ डॉ. व्ही.एस. चंदेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






