भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने पर जोर : सीआईआई और दक्षिण अफ्रीका के वाणिज्य दूतावास के बीच चर्चा
एवीएस न्यूज.मुंबई
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आर्थिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) और दक्षिण अफ्रीका के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापार, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और निवेश के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के मुंबई स्थित महावाणिज्यदूत (कॉन्सुल जनरल) गेडियन लाबाने और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सीआईआई की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अल्पा अंतानी के साथ विचार-विमर्श किया।
बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने, निवेश को प्रोत्साहित करने और विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पश्चिमी भारत में उद्योग जगत के साथ कारोबारी सहभागिता बढ़ाने के लिए सीआईआई के व्यापक उद्योग नेटवर्क का बेहतर उपयोग करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बढ़ता आर्थिक सहयोग दोनों देशों के उद्योगों के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है तथा व्यापार और निवेश को नई गति देने में मददगार साबित होगा।






