एवीएस न्यूज. मुंबई


  बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने घोषणा की कि बैंक ने सीरीज I लॉन्ग-टर्म ग्रीन इन्फ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी करते हुए  सफलतापूर्वक 10 हजार करोड़ रुपए जुटाए हैं। इससे बैंक घरेलू ग्रीन बॉन्ड जारी करने वाला भारत का पहला बैंक बन गया है। इस इश्यू के लिए निवेशकों की भारी मांग देखी गई, जिससे 5,000 करोड़ के बेस इश्यू को साइज़ से तीन गुना अधिक 16,415 करोड़ रुपए की बोली प्राप्त हुई।

सात साल के बॉन्ड को एनएसई के ईबीपी पर 5000 करोड़ रुपए के बेस इश्यू और 5000 करोड़ रुपए के ग्रीन शू ऑप्शन के साथ लिस्ट किया गया था। बाजार की मौजूदा अस्थिरता के बावजूद, बैंक ने 7.10 फीसदी का प्रतिस्पर्धी कट-ऑफ़ कूपन हासिल किया, जो बैंक पर निवेशकों के सुदृढ़ विश्वास को दर्शाता है।    


  बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, डॉ. देबदत्त चांद ने कहाकि बैंक ऑफ बड़ौदा के लिए "ग्रीन इन्फ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और भारत के घरेलू ईएसजी बॉन्ड बाजार के लिए एक निर्णायक क्षण है। इस तरह की मजबूत मांग और आकर्षक मूल्य निर्धारण के साथ 10 हजार करोड़ रुपए जुटाना निवेशकों के बैंक के प्रति गहरे विश्वास दर्शाता है और हमारी व्यापक ईएसजी यात्रा के हिस्से के रूप में ग्रीन और स्थायित्वपूर्ण वृद्धि के लिए हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ये निधि भारत के इन्फ्रास्ट्रक्चर संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी, जिससे स्वच्छ, हरित और बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।