साइबर फ्रॉड के खिलाफ एयरटेल पेमेंट्स बैंक का बड़ा अभियान, भोपाल में लोगों को किया जागरूक
एवीएस न्यूज. भोपाल
डिजिटल बैंकिंग और यूपीआई लेनदेन के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर फ्रॉड के मामलों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग का माहौल देने और साइबर धोखाधड़ी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। बैंक ने भोपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों में सामुदायिक पहुंच, जागरूकता कार्यक्रम और सुरक्षा उपायों के जरिए लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया।
एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने कहा कि डिजिटल बैंकिंग ने जहां करोड़ों लोगों तक वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाई है, वहीं साइबर अपराधियों के लिए नए अवसर भी पैदा किए हैं। खासतौर पर पहली बार बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करने वाले और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग साइबर ठगी का आसान निशाना बन रहे हैं। ऐसे में ग्राहकों को समय रहते जागरूक करना बेहद जरूरी हो गया है।
क्षेत्रीय भाषाओं में जागरूकता अभियान
बैंक सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से साइबर सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है। ग्राहकों को आसान भाषा में जानकारी देकर उन्हें फर्जी कॉल, लिंक और ऑनलाइन ठगी के तरीकों को पहचानना सिखाया जा रहा है। एयरटेल पेमेंट्स बैंक अब क्षेत्रीय भाषाओं में भी सुरक्षा संदेश प्रसारित कर रहा है ताकि लोग अपनी मातृभाषा में जानकारी समझ सकें और सतर्क रह सकें।
गांव-गांव तक पहुंच रहे वित्तीय साक्षरता कैंप
डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के अलावा बैंक द्वारा फाइनेंशियल लिटरेसी कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैंप्स में लोगों को संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करना, व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखना और सुरक्षित बैंकिंग के उपाय बताए जा रहे हैं। बैंक का कहना है कि यह केवल एक बार का अभियान नहीं बल्कि लगातार चलने वाली पहल है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर पर वित्तीय जागरूकता बढ़ाना है।
यूपीआई लेनदेन बढ़ने से जिम्मेदारी भी बढ़ी
एयरटेल पेमेंट्स बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर - बिजनेस ऑपरेशंस गणेश अनंतनारायण ने कहा कि यूपीआई पर डिजिटल भुगतान का मासिक आंकड़ा 20 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। ऐसे में ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
उन्होंने कहा, “भारत में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल एडॉप्शन के साथ हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। हम शिक्षा, एजेंट ट्रेनिंग और सिस्टम-लेवल सुरक्षा में लगातार निवेश कर रहे हैं ताकि ग्राहकों को धोखाधड़ी से पहले ही जागरूक किया जा सके। हम अधिकारियों के साथ मिलकर वित्तीय प्रणाली को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेंगे।”
पांच लाख से अधिक एजेंट्स का मजबूत नेटवर्क
एयरटेल पेमेंट्स बैंक का सुरक्षा ढांचा उसके पांच लाख से अधिक बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट्स (BC) के नेटवर्क पर आधारित है। बैंक ने एजेंट ऑनबोर्डिंग के लिए मजबूत प्रक्रिया बनाई है और उन्हें नियमित रूप से फ्रॉड रोकथाम की ट्रेनिंग दी जाती है। इससे एजेंट ग्राहकों को सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार के लिए बेहतर तरीके से मार्गदर्शन कर पाते हैं।
बैंक का कहना है कि डिजिटल बैंकिंग का भविष्य तभी सुरक्षित होगा जब ग्राहक जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार तरीके से ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करेंगे।






