145 यात्री पकड़े गए, 80 हजार से अधिक का जुर्माना वसूला

भोपाल। मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के निर्देशन में भोपाल मंडल द्वारा रेल राजस्व की वृद्धि एवं अधिकृत यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्टेशनों पर किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बीना स्टेशन पर विशेष ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान का संचालन नवल अग्रवाल, सहायक वाणिज्य प्रबंधक, भोपाल के नेतृत्व में किया गया। इस अभियान में आर.के. गोस्वामी, एन.के. जाटव एवं यशवंत परिहार (मुख्य टिकट निरीक्षक, भोपाल) सहित वाणिज्य विभाग के कुल 18 टिकट चेकिंग स्टाफ ने भाग लिया।
अभियान के दौरान स्टेशन से बाहर जाने वाले मार्गों की पूरी घेराबंदी की गई ताकि कोई भी यात्री बिना जांच के बाहर न निकल सके। इस जांच अभियान के अंतर्गत स्टेशन से गुजरने वाली कुल 28 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान 95 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे 57,555/- की राशि वसूली गई। वहीं, 45 यात्री अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिनसे 22,160/- की वसूली की गई। इसके अतिरिक्त 5 मामलों में बिना बुकिंग सामान ले जाने अथवा गंदगी फैलाने पर 1,000/- का जुर्माना वसूला गया।
इस प्रकार, कुल 145 मामलों से 80,715/- का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इस प्रकार के अभियान यात्रियों को नियमों के पालन हेतु प्रेरित करते हैं एवं अनियमित यात्राओं को रोकने में सहायक होते हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। प्रतीक्षा सूची ई-टिकट एवं प्लेटफॉर्म टिकट पर यात्रा करना मान्य नहीं है। टिकट बुकिंग के लिए यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप अथवा यूटीएस ऐप का उपयोग कर सकते हैं।

