एवीएस न्यूज. भोपाल 


 बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड की इकाई सतना सीमेंट वर्क्स द्वारा अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के अंतर्गत ग्राम पंचायत बठिया कला में किसान मेले का आयोजन किया गया। जिसमें क्षेत्र के अनेक किसानों, ग्रामीणों तथा महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बिरला कॉरपोरेशन लिमिटेड की यूनिट सतना सीमेंट वर्क्स द्वारा समय-समय पर सामाजिक एवं विकासात्मक कार्य किए जाते रहे हैं।

संस्था के प्रेसिडेंट कौशल मिश्रा का उद्देश्य है कि सीमेंट प्लांट की प्रगति के साथ-साथ आसपास के गांवों का भी समग्र विकास हो, ग्रामीण किसानों की आजीविका सुदृढ़ बने तथा उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए एचआर हेड आरके  गिरी के नेतृत्व में इस किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्यानिकी विभाग से सुधा एवं मीनाक्षी, कृषि विभाग से भागीरथ, क्लस्टर हेड रंजीत प्रसाद, सीएसआर मैनेजर विजय चौबे तथा सिक्योरिटी हेड संतोष पांडे उपस्थित रहे।  


किसान मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए। इनमें ड्रोन स्प्रेयर द्वारा कीटनाशक छिड़काव की तकनीक, सुपर सीडर मशीन का प्रदर्शन, न्यूट्रिशन किट की जानकारी, स्ट्रॉबेरी की उन्नत खेती की विधि, लघु उद्योगों के मॉडल तथा जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण रहे। किसानों को इन तकनीकों के उपयोग, लागत, लाभ तथा सरकारी अनुदान से संबंधित जानकारी विस्तार से प्रदान की गई।