66 किलो मीटर का एक्स्ट्रा चक्कर लगना पड़ रहा

एवीएस न्यूज..भोपाल


 मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा अवैध रूप से टोल वसूला जा रहा है। सूखी सेवनिया आरओबी मेंटेनेंस के लिए डायवर्जन होने के कारण लोडिंग वाहनों को 66 किलो मीटर का एक्स्ट्रा चक्कर लगना पड़ रहा है, जिससे ड्राइवर, ट्रांसपोर्टर और ग्रामीणों परेशान है। राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश के ट्रक ट्रांसपोर्टरों ने बाईपास मार्ग बंद होने के बावजूद टोल वसूली जारी रहने पर कड़ा विरोध किया है।

ट्रांसपोर्टरों ने मध्यप्रदेश सरकार से मांग की है कि जब बाईपास की सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो टोल वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए। इस संबंध में ट्रांसपोर्ट संगठन ने ट्रांसपोर्टरों की ओर से एमपीआरडीसी को पत्र भी लिख चुका है। 


ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट मोटर कांग्रेस, मध्यप्रदेश चेयरमैन हरीश डाबर ने कहा कि राजधानी भोपाल के मुख्य बायपास मार्ग पर स्थित विदिशा चौराहा पर पुल के क्षति ग्रस्त होने के कारण मरम्मत कार्य चल रहा है, जिस कारण मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इस मार्ग के बंद होने से यातायात को अन्य वैकल्पिक और लंबे रास्तों पर डाइवर्ट किया गया है, जिससे व्यावसायिक भारी वाहनों और स्थानीय व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। चूंकि मुख्य बायपास मार्ग का उपयोग नहीं हो पा रहा है, अतः उस मार्ग के लिए निर्धारित टोल बूथ 11 मील, व मुबारकपुर पर शुल्क वसूला जा रहा है, जब मार्ग बंद है तो उसका टोल लेने का कोई तार्किक आधार नहीं रह जाता है। वाहनों को न केवल अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, अपितु उक्त मार्ग पर भी टोल चुकाना पड़ रहा है, व इर्धन का खर्च भी बढ़ गया है और बंद मार्ग के बावजूद टोल देना आर्थिक रूप से भी अनुचित है।


 ट्रक ट्रांसपोर्ट ऑनर एसोसिएशन अध्यक्ष कमल पंजबानी ने कहा कि जब तक बायपास मार्ग पुनः सुचारू रूप से शुरू नहीं हो जाता, तब तक संबंधित टोल बूथों पर शुल्क की वसूली तत्काल प्रभाव से रोकी जाए।  भोपाल बायपास मार्ग के खराब रखरखाव, सड़क धंसने और यातायात डायवर्जन के कारण टोल वसूली को रोकने, बंद करने की मांग लगातार की जा रही है।

उन्होंने कहाकि एमपीआरडीसी द्वारा बायपास पर निर्माण के चलते सड़क बंद की गई है। वाहन 11 मील से मात्र 10 किमी यानी पटेल नगर-आनंद नगर बाईपास चौराहे तक ही जा रहे है। इसके बावजूद यहां 10 किमी के सफर पर 52 किमी की वसूली की जा रही है। ट्रक संचालकों के साथ हो रही खुली लूट को बंद करने की मांग की। ट्रक संचालकों और ड्राइवरों ने सड़क बंद होने के बावजूद टोल वसूली पर आपत्ति जताई। 


मप्र ट्रक ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव युवराज सिंह राय ने टोल संचालकों पर खुली लूट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहाकि आनंद नगर-पटेल नगर के बीच बाईपास बंद होने और अन्य स्थानों पर खराब सड़कों के कारण ट्रक चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी पूरा टोल टैक्स लिया जा रहा है।

 ट्रांसपोर्टरों ने टोल प्लाजा पर जबरन वसूली के खिलाफ आवाज उठाई है और कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी है। यह भी बताया गया है कि परिवहन चौकियां, टोल बंद होने के बावजूद चेकपोस्टों पर आरटीओ कर्मियों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। संगठन की ओर से उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बाईपास चालू होने तक टोल वसूली बंद नहीं की गई, तो वे चक्का जाम या आंदोलन तेज करेंगे।  


 

न्यूज़ सोर्स : ट्रांसपोर्ट संगठन ने ट्रांसपोर्टरों की ओर से एमपीआरडीसी को पत्र भी