पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी, बहू ने देहात थाने में दर्ज कराई शिकायत
एवीएस न्यूज. टीकमगढ़
टीकमगढ़ जिले में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। उनकी बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने देहात थाना टीकमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किसने किया आपत्तिजनक और धमकी भरा कमेंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार उमिता राहुल लोधी ने 21 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। इसके अगले दिन 22 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे ‘जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा’ नाम की एक आईडी से उस पोस्ट पर आपत्तिजनक और धमकी भरा कमेंट किया गया। कमेंट में उन्हें, उनके पति एवं पूर्व मंत्री राहुल लोधी को जान से मारने तथा बम से उड़ाने की धमकी दी गई। उन्होंने तुरंत उस कमेंट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया।
बंगले के सामने खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे अज्ञात आरोपी
शिकायत में यह भी बताया गया है कि धमकी भरे कमेंट के कुछ घंटों बाद दो अज्ञात युवक उनके देहात थाना क्षेत्र स्थित बंगले के बाहर पहुंचे। बताया गया कि उसी रात करीब 11 बजे दोनों युवक चेहरा ढककर वहां आए और बंगले के सामने खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। उमिता लोधी ने उन्हें अपने घर के छज्जे से देखा। आरोप है कि युवकों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दोहराई। घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर अमर सिंह नामक व्यक्ति मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवक फरार हो चुके थे। चेहरा ढका होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद उमिता लोधी ने तुरंत अपने पति राहुल लोधी को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तलाश रही पुलिस
23 फरवरी को उन्होंने देहात थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (बी), 351 (3) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही साइबर सेल द्वारा उस सोशल मीडिया आईडी की जांच की जा रही है, जिससे धमकी दी गई थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

