पीएम मोदी की ‘वर्क फ्रॉम होम’ नसीहत पर बोले उद्योगपति कोई भी मैनुफैक्चरिंग प्लांट वर्क फ्रॉम होम से नहीं चलता
एवीएस न्यूज..भोपाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई वर्क फ्रॉम होम’ की नसीहत पर उद्योगपितयों ने कहा कि कोई भी मैनुफैक्चरिंग प्लांट वर्क फ्रॉम होम से नहीं चलता। मध्यप्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों गोविंदपुरा, मंडीदीप और पीथमपुर के उद्योगपतियों ने वर्क फ्रॉम होममॉडल पर अपनी राय रखी है। उद्योग संगठनों का कहना है कि आईटी और प्रशासनिक कार्यों में यह मॉडल उपयोगी हो सकता है, लेकिन मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में इसका असर सीमित रहेगा।

गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय गौर ने कहाकि फैक्ट्री आधारित उत्पादन में मशीनों की निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण और समय पर उत्पादन सबसे अहम होते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की फिजिकल मौजूदगी जरूरी रहती है। उनका कहना है कि बड़े स्तर पर वर्क फ्रॉम होम लागू होने से उत्पादन क्षमता प्रभावित हो सकती है।
मंडीदीप औद्योगिक एसोसिएशन के चेयरमैन राजीव अग्रवाल ने कहा कि कुछ विभाग जैसे अकाउंट्स, डिजाइनिंग, आईटी सपोर्ट और मार्केटिंग घर से संचालित किए जा सकते हैं। इससे कंपनियों का बिजली, ट्रांसपोर्ट और ऑफिस संचालन खर्च कम हो सकता है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रोडक्शन यूनिट्स में वर्क फ्रॉम होम व्यावहारिक नहीं है।

उधर पीथमपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतम कोठारी का कहना है कियदि कर्मचारी नियमित रूप से फैक्ट्री नहीं आएंगे, तो उत्पादन और समय पर सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसका असर कंपनियों के राजस्व, निर्यात और राज्य सरकार को मिलने वाले टैक्स पर भी पड़ सकता है।
कुल मिलाकर उद्योग जगत का मानना है कि वर्क फ्रॉम होम का सबसे बड़ा सकारात्मक असर ईंधन बचत और ट्रैफिक दबाव कम होने के रूप में दिख सकता है। वहीं नकारात्मक पक्ष यह है कि उत्पादन आधारित उद्योगों में कार्य अनुशासन और टीम समन्वय प्रभावित होने की आशंका रहती है।

उद्यमी योगेश गोयल ने “हाइब्रिड मॉडल” को बेहतर विकल्प बताया है। उनके अनुसार प्रशासनिक और तकनीकी स्टाफ को सीमित स्तर पर वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी जा सकती है, जबकि उत्पादन से जुड़े कर्मचारियों की फैक्ट्री में मौजूदगी अनिवार्य रहनी चाहिए।
उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले समय में तकनीक और ऑटोमेशन बढ़ने के साथ कार्यशैली में बदलाव जरूर होगा, लेकिन मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर पूरी तरह घर से संचालित नहीं किया जा सकता।

