एवीएस न्यूज.बेंगलुरु 
रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहायक कंपनी स्ट्रैंड लाइफ साइंसेज को ऐसी अत्याधुनिक तकनीक के लिए भारतीय पेटेंट प्राप्त हुआ है, जो केवल ब्लड सैंपल के माध्यम से कैंसर की शुरुआती पहचान और उसके संभावित स्रोत का पता लगाने में सक्षम है। इस तकनीक से भविष्य में कैंसर की समय रहते पहचान कर मरीजों को बेहतर और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।


कंपनी द्वारा विकसित यह प्लेटफॉर्म सेल-फ्री डीएनए  का विश्लेषण करता है। इसमें जीनोम सीक्वेंसिंग, बायोलॉजिकल डेटा एनालिसिस और मशीन लर्निंग जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाता है।

इसकी सबसे बड़ी विशेषता कैंसर से जुड़े डीएनए पैटर्न में होने वाले सूक्ष्म बदलावों की पहचान करना है, जिससे बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि वर्तमान में बड़ी संख्या में मरीजों में कैंसर का पता तब चलता है, जब बीमारी गंभीर अवस्था में पहुंच चुकी होती है। ऐसे में यह नई तकनीक शुरुआती स्क्रीनिंग को अधिक प्रभावी और सटीक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


स्ट्रैंड लाइफ साइंसेज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रमेश हरिहरन ने कहा कि यह पेटेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित लिक्विड बायोप्सी तकनीक के विकास में एक अहम उपलब्धि है।

उन्होंने बताया कि कंपनी का उद्देश्य ऐसे समाधान विकसित करना है, जो कैंसर स्क्रीनिंग को अधिक सटीक, बड़े पैमाने पर लागू करने योग्य और आम लोगों के लिए सुलभ बना सकें।