स्वामीनाथन ने बताए व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से संतुलित जीवन जीने के प्रभावी उपाय
भोपाल। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं ब्रह्माकुमारी संस्थान, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में कार्य-जीवन संतुलन विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. ईवी स्वामीनाथन, प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।
वे पिछले कई दशकों से तनाव प्रबंधन एवं कार्य-जीवन संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश-विदेश में व्याख्यान देते आ रहे हैं। उनकी विशेषता है कि वे वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आध्यात्मिक ज्ञान को जोड़कर जीवन की जटिल समस्याओं के सरल एवं व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने प्रेरक प्रसंगों और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से संतुलित जीवन जीने के प्रभावी उपाय बताए।
सेमिनार में फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा, सचिव प्रवीण आचार्य, महिला उद्योगपति मिनल गोयनका, टैक्स कंसल्टेंट सीए अमित जैन, वरिष्ठ व्यापारी राजेंद्र नाहर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक विशिष्टजन उपस्थित रहे।प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को अत्यंत प्रेरणादायी, उपयोगी और सार्थक बताया।फेडरेशन ने भविष्य में भी ऐसे सकारात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

