कैट का राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन, भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर मंथन
 एवीएस न्यूज .भोपाल 
भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने और व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश की ओर से रविवार को भोपाल में राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन आयोजित किया गया।

सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से व्यापारी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने की। वहीं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय चेयरमैन ब्रजमोहन अग्रवाल और राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला विंग संगीता पाटिल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।


 भारतीय उत्पादों और व्यापारिक हितों पर चर्चा
सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना और व्यापारियों के लिए बेहतर व्यापारिक वातावरण तैयार करना रहा। इस दौरान व्यापार एवं बाजार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के साथ प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं को लेकर भी मंथन किया गया।

सम्मेलन के माध्यम से प्रदेशभर के व्यापारियों को एक मंच पर आने का अवसर मिला। व्यापारियों ने अपने क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को संगठन के समक्ष रखा और व्यापार को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर विचार-विमर्श किया। कैट एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता, कैट मध्यप्रदेश के चेयरमैन सुनील अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


 व्यापारियों की आवाज को मजबूती देने पर जोर
सम्मेलन में इस बात पर जोर दिया गया कि बदलते कारोबारी माहौल में स्थानीय व्यापारियों को नई तकनीक, बाजार की बदलती जरूरतों और प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार किया जाए। साथ ही भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर देश के घरेलू बाजार और स्थानीय कारोबार को मजबूत करने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएं।

 राज्य स्तरीय सम्मेलन व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को व्यापक स्तर पर सामने रखने के साथ प्रदेश के व्यापारिक हितों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।