राष्ट्रगीत “वन्देमातरम” पर आधारित: नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में कैलेंडर लिकारपन और पुरस्कार वितरण
एवीएस न्यूज.भोपाल
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियां, राजभाषा के कार्यान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करती हैं । नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम) भोपाल भी सार्वजनिक क्षेत्रों के 25 उपक्रम सदस्यों के साथ अपने इस दायित्व के प्रति पूर्ण जागरूक एवं गंभीर है । यह बात मिथिलेश कुमार मुख्य महाप्रबंधक बीएसएनएल एवं अध्यक्ष नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम) भोपाल ने समिति की 53 वीं अर्धवार्षिक बैठक में कही।
उन्होंने कहाकि हमारे सभी सदस्य कार्यालय अपने व्यावसायिक उत्तरदायित्वों के साथ राजभाषा हिन्दी के प्रगामी विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं । प्रतिवर्ष की भांति हमने एक सूचनाप्रधान कैलेंडर बनाया है । यह कैलेंडर हमारे राष्ट्रगीत “वन्देमातरम” पर आधारित है ।
बैठक में हडको की क्षेत्रीय प्रमुख डॉ.तृप्ति एम दीक्षित ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम हिन्दी को बढ़ावा देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं । तत्पश्चात वंदे मातरम कैलेंडर का लोकार्पण मंचासीन अतिथियों ने किया ।
कार्यक्रम में मिथिलेश कुमार ने श्रेष्ठ कार्य निष्पादन के लिए पुरस्कार प्रदान किए । प्रथम पुरस्कार केंद्रीय भंडारण निगम तथा रेल विकास निगम लिमिटेड, द्वितीय पुरस्कार भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण व आरईसी लिमिटेड, तृतीय पुरस्कार भारतीय खाद्य निगम क्षेत्रीय कार्यालय व एमएसटीसी, प्रोत्साहन पुरस्कार राष्ट्रीय बीज निगम, भारतीय खाद्य निगम मण्डल कार्यालय, रेलटेल कार्पोरेशन लिमिटेड, साउथ ईस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड, नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड और राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम को प्राप्त हुए ।
विशेष प्रशस्ति पत्र से हडको की कार्यालय प्रमुख डॉ तृप्ति एम दीक्षित और इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक अजय कुमार श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।

