मैहर। आरसीसीपीएल प्राइवेट लिमिटेड (एम् पी बिरला) द्वारा पोषण माह के अंतर्गत आरोग्य सखी परियोजना द्वारा ग्राम सलैया के ग्राम पंचायत भवन में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में ग्राम के तीनों आंगनवाड़ी केंद्रों से 12 माह से 24 माह आयु वर्ग के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास में माँ के दूध, ऊपरी आहार, सम्पूर्ण टीकाकरण और स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।  यह प्रतियोगिता पोषण माह के अंतर्गत संयंत्र एवं खदान क्षेत्र से लगे ग्राम  भरोली, इटहरा, खेरवाकला, लोही, साढेरा, सलैया तथा घुरवयी   की सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में चरणबद्ध रूप से आयोजित की जाएगी।  


कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, सहायक सचिव, उपसरपंच, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, गर्भवती महिलाएं, शिशुवती माताएं एवं वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति रही।  इस प्रतियोगिता में कुल 36 बच्चों का वजन एवं ऊँचाई मापी गई तथा उनके टीकाकरण कार्डों की जाँच की गई। जिन बच्चों की लंबाई एवं वजन उनकी आयु के अनुसार सबसे बेहतर पाए गए, उनकी माताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।  वहीं, पोषण संसाधन केंद्र, मैहर के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। सलैया ग्राम के एक ऐसे ही बच्चे को पूर्व में मैहर के पोषण केंद्र में भर्ती किया गया था, जो अब सामान्य वजन के साथ लौट चुका है।

उसकी माँ को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया।  इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत सलैया की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आरोग्य सखी और किशोरी बालिकाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।