बीएचईएल भोपाल में नव-नियुक्त आर्टीजंस के लिए 12 दिवसीय ओरिएंटेशन मॉड्यूल का शुभारंभ
वर्तमान चुनौतीपूर्ण व्यावसायिक परिवेश में नवीन तकनीकों एवं विविध कौशलों को अपनाना समय की आवश्यकता : सिंह
प्रतिभागियों को प्रशिक्षण से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया
एवीएस न्यूज, भोपाल।
बीएचईएल, भोपाल के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडी) में नव-नियुक्त आर्टीजंस के लिए ‘प्रवीण ट्रेनिंग मैनुअल’ के अंतर्गत 12 दिवसीय ‘एएम2 ओरिएंटेशन मॉड्यूल’ का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन टीयू सिंह, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर आरिफ अहमद सिद्दीकी, अपर महाप्रबंधक (एचआरडी) एवं सुरेखा बंछोर, अपर महाप्रबंधक (एचआरएम) भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
300 दिवसीय प्रशिक्षण को निष्ठा से पूर्ण करने का आह्वान
कार्यक्रम के आरंभ में एचआरडी विभागाध्यक्ष आरिफ अहमद सिद्दीकी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने 'प्रवीण ट्रेनिंग मैनुअल' की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नव-नियुक्त आर्टीजंस को आगामी 300 दिवसीय विस्तृत प्रशिक्षण को पूर्ण निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ संपन्न करने का मार्गदर्शन दिया।
कंपनी की प्रगति में नए कामगारों की भूमिका अहम
अपर महाप्रबंधक (एचआरएम) सुरेखा बंछोर ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बीएचईएल की प्रगति और समय पर ऑर्डर निष्पादन (प्रोजेक्ट्स को पूरा करने) में नए कामगारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को इस प्रशिक्षण सत्र का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
चुनौतीपूर्ण माहौल में 'मल्टी-स्किलिंग' समय की मांग: सिंह
नव-नियुक्त आर्टीजंस से सीधा संवाद करते हुए महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी.यू. सिंह ने उन्हें आश्वस्त किया कि नए कामगारों की किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए वे और उनकी पूरी टीम सदैव तत्पर रहेगी। उन्होंने अपने संबोधन में अनुशासन को कार्यस्थल पर सफलता की पहली सीढ़ी बताया। इसके साथ अपने काम में निरंतर निपुणता हासिल करने को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने यह भी कहा कि आज के चुनौतीपूर्ण व्यावसायिक परिवेश को देखते हुए नवीन तकनीकों को अपनाना और एक से अधिक विधाओं (स्किल्स) में पारंगत होना समय की मांग है।
हिंदी रूपांतरित 'प्रवीण ट्रेनिंग मैनुअल' का विमोचन
इस अवसर पर एक विशेष उपलब्धि के रूप में, बीएचईएल भोपाल की एचआरडी वर्कशॉप टीम द्वारा हिंदी में रूपांतरित किए गए 'प्रवीण ट्रेनिंग मैनुअल' का विमोचन मुख्य अतिथि टी.यू. सिंह द्वारा किया गया। विमोचन के पश्चात इस मैनुअल को सभी प्रशिक्षु कामगारों को वितरित किया गया, ताकि वे अपनी मातृभाषा में तकनीकी बारीकियों को अधिक आसानी से समझ सकें।






