एवीएस न्यूज .मुंबई


फ्री, प्रीमियम और विज्ञापन-समर्थित वीडियो स्ट्रीमिंग सेवा एमेजन एमएक्स प्लेयर ने अपनी आगामी सामाजिक-राजनीतिक थ्रिलर सीरीज संकल्प का दमदार ट्रेलर लॉन्च किया। इस सीरीज के साथ दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर अपना बहुप्रतीक्षित स्ट्रीमिंग डेब्यू कर रहे हैं। प्राचीन चाणक्य-चंद्रगुप्त की कथाओं से प्रेरित यह सीरीज आधुनिक भारत के संदर्भ में राजनीतिक रणनीति को नए अंदाज़ में प्रस्तुत करती है, जहां सत्ता की लड़ाई का मैदान राजमहलों के बजाय कक्षाओं में दिखाई देता है।

ट्रेलर दर्शकों को एक ऐसे संसार की झलक देता है, जो तीन शक्तियों: संस्कार, सत्ता और समर्पण  से संचालित होता है।

नाना पाटेकर के नेतृत्व में इस सीरीज़ में दमदार कलाकारों की टोली भी शामिल है, जिनमें संजय कपूर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, नीरज काबी, कुब्रा सैत और क्रांति प्रकाश झा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। जियो स्टूडियोज के लिए ज्योति देशपांडे और फिल्म्स प्रोडक्शंस के बैनर तले दिशा झा द्वारा प्रोड्यूस की गई, संकल्प का प्रीमियर 11 मार्च को विशेष रूप से एमेजन एमएक्स प्लेयर  पर होगा।
यह रोमांचक सीरीज जियो स्टूडियोज की प्रस्तुति है, जिसे राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता प्रकाश झा  द्वारा निर्देशित और निर्मित है। कहानी देश की राजनीति के प्रमुख केंद्रों के बीच घटित होती है। इसमें मात साहब नाम के एक प्रभावशाली शिक्षक को दिखाया गया है, जिनका प्रभाव उनके मूल्यों, वफादारी और अटूट समर्पण पर आधारित है। ट्रेलर में गुरु और शिष्य के बीच होने वाला एक तीखा टकराव धीरे-धीरे सामने आता है, जो महत्वाकांक्षा की नैतिक कीमत और मार्गदर्शन तथा वर्चस्व स्थापित करने के बीच की बेहद पतली रेखा को उजागर करता है।

इसके बाद शुरू होने वाली यह संघर्षपूर्ण कहानी दर्शकों को बांधे रखती है, क्योंकि सब यह जानना चाहते हैं कि क्या शिष्य अपने गुरु के खिलाफ आगे बढ़ पाएगा।
वरिष्ठ अभिनेता नाना पाटेकर ने कहा कि मात साहब का किरदार निभाना मेरे लिए एक बड़ा सीखने वाला अनुभव रहा। इसने मुझे अभिनय का एक नया पहलू समझने का मौका दिया। यह ऐसा किरदार है जिसमें शांति, अंदरूनी संघर्ष और उसके परिणामों की कई परतें हैं।

प्रकाश झा के साथ फिर से काम करना हमेशा खास होता है, क्योंकि वह ऐसी कहानियाँ बताते हैं जो सब कुछ सीधे-सीधे नहीं बतातीं। उनकी कहानियाँ दुनिया को उसी रूप में दिखाती हैं जैसी वह वास्तव में है, और दर्शकों के मन में लंबे समय तक रहती हैं। इसके अलावा यह प्रोजेक्ट मेरे लिए इसलिए भी खास है क्योंकि मैं एमेजन एमएक्स प्लेयर के साथ ओटीटी की दुनिया में अपनी शुरुआत कर रहा हूँ। मैं दर्शकों के लिए ‘संकल्प’ की दुनिया को देखने का और इंतज़ार नहीं कर सकता।