प्याज के भाव ने निकाले आंसू! जमाखोरी और कालाबाजारी : हाट बाजार में 50-60 रुपए किलो तक पहुंची कीमत, कहीं 80 का भी आंकड़ा
एवीएस न्यूज.भोपाल
आम आदमी की रसोई में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली सब्जियों में शामिल प्याज के दाम एक बार फिर लोगों को रुलाने लगे हैं। हाट बाजारों से लेकर खुदरा दुकानों तक प्याज की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। कई बाजारों में प्याज 50 से 60 रुपए प्रति किलो बिक रहा है, जबकि कुछ इलाकों में अच्छी गुणवत्ता का प्याज 70 से 80 रुपए किलो तक पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि बारिश और नमी के चलते भंडारण में रखा काफी प्याज खराब हो गया है।
प्याज के सड़ने से बाजार में अच्छी गुणवत्ता वाले प्याज की उपलब्धता कम हुई है। इसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है और खुदरा बाजार में प्याज महंगा हो गया है।
जानकारों के अनुसार कीमतों में अचानक आए उछाल के पीछे केवल सप्लाई में कमी ही नहीं, बल्कि बिचौलियों की सक्रियता, जमाखोरी और कालाबाजारी को भी एक वजह माना जा रहा है।
निगरानी और कार्रवाई की जरूरत
बाजार में प्याज की कीमतों पर नियंत्रण के लिए आवक, भंडारण और खुदरा बिक्री की निगरानी जरूरी मानी जा रही है। जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायतों की जांच कर कार्रवाई होने से बाजार में अनावश्यक तेजी पर अंकुश लगाया जा सकता है। प्याज के बढ़ते भाव ने घरेलू बजट पर भी असर डालना शुरू कर दिया है।
रोजमर्रा के भोजन में इस्तेमाल होने वाली इस जरूरी सब्जी की कीमत बढ़ने से आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि पहले से महंगी होती सब्जियों के बीच प्याज के दाम में तेजी ने रसोई का खर्च और बढ़ा दिया है।


