युवतियां, बच्ची और महिलाओं की सुरक्षा करेंगे एआई बेस्ड कैमरे, मुश्लकि हालातों में पुलिस को करेंगे अलर्ट
पुलिस मुख्यालय ने महिला अपराध पर लगाम लगाने के लिए उठाया कदम
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा पुख्ता करने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके तहत अब शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में एआई बेस्ड कैमरे महिला सुरक्षा पर नजर रखेंगे। बच्ची, युवती या महिला के किसी भी आपातकालीन स्थिति में होने पर यह कैमरे खुद पुलिस-प्रशासन को अलर्ट करेंगे। इस प्रोजेक्ट पर पुलिस ने काम शुरू कर दिया है। पुलिस मुख्यालय ने इसके लिए प्लान तैयार कर लिया है। हालांकि प्रोजेक्ट के अमल में आने तक अभी लगे कैमरों के जरिए महिलाओं सुरक्षा पुख्ता करने का प्रयास पुलिस की ओर से होंगे।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में आईएएस-आईपीएस कॉफ्रेंस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस, प्रशासन और नगरीय निकाय के अफसरों को निर्देश दिए थे।
इन हालातों में अलर्ट करेगा कैमरा
-सुनसान या अंधेर रास्तों पर चलती बच्ची, युवती और महिलाओं की पहचान करेंगे। पीछा करने वाले संदिग्ध लोगों और वाहन की पूरी जानकारी पुलिस को आॅटोमैटिक जनरेट कर भेजेंगे।
-लड़कियों के स्कूलों या कॉलेजों के पास संदिग्ध लोग या हुडदंगियों की पहचान कैमरे करेंगे।
-अकेली बच्ची, युवती, महिला या बुजुर्ग को सुनसान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन या बस स्टॉप पर देखते ही कैमरे पुलिस को अलर्ट जनरेट कर सूचित करेंगे।
-महिला के साथ सड़क पर किसी भी तरह की हाथापाई या झगड़े की स्थिति पर भी अलर्ट जनरेट करेंगे।
-पुल, रेलवे ट्रैक की ओर जाने वाली महिला, युवतियों की पहचान कर तुरंत पुलिस को अलर्ट जनरेट करेंगे।

