मध्यप्रदेश में 1500 से 2000 किलो सोने और 8 से 10 हजार किलो चांदी की बिक्री की उम्मीद
धनतेरस पर चमकेगा सराफा बाजार: भोपाल में 100 किलो तक सोना और 1000 किलो चांदी बिकने का अनुमान
आत्माराम सोनी .भोपाल
धनतेरस और दीपावली के त्योहार पर इस बार मध्यप्रदेश के सराफा बाजारों में रौनक छाने की उम्मीद है। सोने-चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट ने ग्राहकों को खरीदारी का अच्छा मौका दिया है। यही वजह है कि राजधानी भोपाल से लेकर इंदौर, रतलाम, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा और सतना तक सराफा कारोबारियों को पिछले साल के मुकाबले बेहतर कारोबार की उम्मीद है।
बाजार जानकारों और सराफा कारोबारी नवनीत अग्रवाल के अनुसार राजधानी भोपाल में धनतेरस और दीपावली के दौरान करीब 80 से 100 किलो सोना और 800 से 1000 किलो चांदी बिकने का अनुमान है।
वहीं, पूरे मध्यप्रदेश में सोने की बिक्री 1500 से 2000 किलो और चांदी की बिक्री 8000 से 10,000 किलो तक पहुंच सकती है। इसमें सोने-चांदी के आभूषण, शुद्ध चांदी, सिक्के, मूर्तियां, बर्तन और पूजन सामग्री की खरीदारी शामिल है।
सिक्कों और चांदी के पारंपरिक आभूषणों की मांग
अग्रवाल के मुताबिक राजधानी के सराफा बाजार में इस बार धनतेरस पर सामान्य दिनों की अपेक्षा 30 से 40 फीसदी अधिक ग्राहकी की उम्मीद है। ज्वेलरी के साथ सोने के सिक्कों और चांदी के पारंपरिक आभूषणों की मांग भी बढ़ सकती है।
अनुमान है कि भोपाल में धनतेरस और दीपावली के दौरान 80 से 100 किलो सोना बाजार में बिक सकता है। वहीं चांदी का कारोबार 800 से 1000 किलो तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के प्रमुख सराफा केंद्रों में इंदौर इस बार कारोबार के मामले में आगे रह सकता है।
अनुमान के मुताबिक, इंदौर में भोपाल की तुलना में करीब तीन गुना सोने-चांदी का कारोबार होने की संभावना है। रतलाम के सराफा बाजार में भी भोपाल से ढाई से तीन गुना तक कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके अलावा जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, सतना सहित प्रदेश के अन्य शहरों में भी त्योहारी खरीदारी जोर पकड़ सकती है।
प्रदेशभर में 1500 से 2000 किलो सोने और 8000 से 10,000 किलो चांदी की बिक्री का अनुमान बाजार की मजबूत संभावनाओं को दर्शाता है।
देशभर में 52 टन तक सोना और करीब 250 टन चांदी बिकने की उम्मीद
सराफा कारोबारियों के राष्ट्रीय संगठन इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के मुताबिक इस साल धनतेरस पर देशभर में 46 से 52 टन तक सोने की बिक्री हो सकती है। पिछले साल धनतेरस पर करीब 36 टन सोना बिका था। इस बार सोने की मांग में 7 से 10 प्रतिशत तक वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, धनतेरस के दिन चांदी की बिक्री करीब 250 टन रहने का अनुमान है।
धनतेरस और दीपावली को मिलाकर देश में करीब 65 टन सोना और 300 टन चांदी बिकने की संभावना है। चांदी की मांग में भी करीब 7 प्रतिशत बढ़ोतरी का अनुमान है। कहा जा रहा है कि इस बार सराफा बाजार में खरीदारी का ट्रेंड भी बदलता नजर आ रहा है। चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते ग्राहक सोने के सिक्कों को निवेश के बेहतर विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
निवेश के लिए भी शुभ मुहूर्त का इंतजार
धनतेरस पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। यही वजह है कि आम ग्राहकों के साथ निवेशक भी इस दिन मुहूर्त में खरीदारी करने की तैयारी में हैं। सिक्कों, शुद्ध चांदी, बर्तनों और पूजन सामग्री के अलावा सोने-चांदी में निवेश के लिए भी बाजार में मांग रहने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े फैसले, डॉलर की मजबूती और महंगाई के आंकड़े भी सोने-चांदी की कीमतों की दिशा तय करेंगे।






