भोपाल चेंबर चुनाव में प्रगतिशील पैनल को मिला ज़बरदस्त समर्थन, पाली समर्थित पैनल मजबूत दावेदार
व्यापारियों का विश्वास, अनुभव और विकास के एजेंडे, सभी बाजारों व एसोसिएशनों का पैनल को पुरजोर समर्थन
एवीएस न्यूज.भोपाल
राजधानी की सबसे प्रभावशाली व्यापारी संस्था भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (बीसीसीआई) के चुनाव आगामी 1 फरवरी 2026, रविवार को संपन्न होने जा रहे हैं। इन चुनावों में प्रगतिशील पैनल की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तेजकुलपाल सिंह पाली को व्यापारियों और चेंबर सदस्यों के सभी समुदाय के लोगों का व्यापक समर्थन मिला है।
हालिया चुनावी गतिविधियों में बाजारों में पाली और उनकी पैनल को लेकर उत्साह का माहौल है। व्यापारी समुदाय पुरजोर समर्थन के साथ इस पैनल का बढ़त दिलाने के साथ संस्था की कमान सौपने के लिए सक्रिय है। क्योंकि पाली अपने अनुभव, विकास कार्यों और संगठन के लिए किए गए ठोस प्रयासों और वचनबद्धता के लिए उपयुक्त माने जाते हैं।
गौरलतब है कि राजधानी के सभी प्रमुख बाजारों और व्यापारिक संगठनों न्यू मार्केट, चौक बाजार, सर्राफा बाजार, 10 नंबर मार्केट, बैरागढ़, लखेरापुरा, हमीदिया रोड, दवा बाजार, करोंद मंडी, घोड़ा नक्कास, मारवाड़ी रोड, जुमेराती, हनुमानगंज, लखेरापुरा सहित विभिन्न बाजारों के साथ एसोसिएशनों के पदाधिकारियों, सदस्यों का उन्हें पूर्ण समर्थन मिल रहा है। इसके साथ ही सभी समाजों के प्रबुद्धों ने भी उन्हें जीत का आशीर्वाद देते हुए अपना पूरा समर्थन देने का बचन दिया है। पाली ने बताया कि वे बीसीसीआई से पिछले 18 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं और इस दौरान व्यापारियों से संबंधित समस्याओं को शासन-प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर प्राथमिकता के साथ उठाया है।
उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद पर रहते हुए व्यापारी हितों के मामलों को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा गया, जिसके परिणामस्वरूप अधिकांश मामलों में समाधान भी संभव हुआ। व्यापारियों के आपसी लेन-देन से जुड़े विवादों को सुलझाने में भी चेंबर की सक्रिय भूमिका रही है। पाली ने यह भी बताया कि जब उनकी टीम ने चेंबर का कार्यभार संभाला था, तब संस्था का बैंक बैलेंस लगभग 23 लाख रुपए था, जिसे व्यापारियों के सहयोग और टीमवर्क से बढ़ाकर 1 करोड़ 23 लाख रुपए तक पहुंचाया गया। त्योहारों के दौरान जीएसटी विभाग द्वारा ट्रक व माल रोके जाने की शिकायतों पर तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यापारियों को राहत दिलाने के प्रयास किए गए। इसके अलावा सैकड़ों ऐसे कार्य किए गए, जिनसे व्यापारी वर्ग को प्रत्यक्ष लाभ मिला।

पाली बोले- व्यापारियों को मुख्यधारा से जोडऩे वन टाइम सेटलमेंट के साथ गतिविधि शुल्क कम करेंगे
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तेजकुलपाल सिंह पाली ने समस्त प्रगतिशील पैनल की ओर से वचनबद्धता प्रदर्शित करते हुए कहा कि चेंबर में करीब 6 हजार सदस्य है लेकिन 2200 से अधिक मेंबरों को मताधिकार प्राप्त है शेष मताधिकार से वंचित है क्योंकि वे गतिविधि शुल्क जमा नहीं कर पाएं। लेकिन ऐसे वंचित मेंबरों को मुख्यधारा में लाने के लिए हमारी पैनल जीत के बाद वन टाइम सेटलमेंट करने के साथ ही गतिविधि शुल्क को भी कम करने के वचनबद्ध हैं।
चेंबर को राजनीति नहीं, प्रगति चाहिए , व्यापार को समर्थन और सुरक्षा चाहिए
तेजकुलपाल सिंह पाली ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि “चेंबर को राजनीति नहीं, प्रगति चाहिए। व्यापार को समर्थन और सुरक्षा चाहिए। हम सब व्यापारी हैं , व्यापार ही हमारा धर्म है और व्यापार ही हमारा कर्म है। पाली ने चेंबर सदस्यों से आग्रह किया कि संस्था की कमान ऐसे अनुभवी और सक्रिय नेतृत्व को सौंपी जाए जो चेंबर को समय दे, व्यापारियों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए शासन-प्रशासन से प्रभावी समन्वय स्थापित करे।
18 वर्षों से चेंबर के सक्रिय सदस्य, हर मुद्दे को उठाया प्राथमिकता से”
तेजकुलपाल सिंह पाली ने कहा कि वे बीसीसीआई के 18 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय सदस्य हैं और इस दौरान उन्होंने संगठन व सदस्यों से जुड़े मुद्दों को सरकार के विभिन्न स्तरों तक प्राथमिकता और तत्परता से उठाया है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के कठिन दौर में बीसीसीआई की निष्क्रियता व्यापारी वर्ग के लिए चिंता का विषय बनी रही। लंबे लॉकडाउन में जीएसटी रिटर्न, होटल व रेस्टॉरेंट उद्योग पर संकट जैसे गंभीर मामलों पर पहल नहीं हो सकी। ऐसी विषम परिस्थितियों में व्यापारियों ने उन्हें अध्यक्ष बनाकर संस्था की जिम्मेदारी सौंपी।
तीन साल का रिपोर्ट कार्ड : तेजकुलपाल सिंह पाली की अध्यक्षता में भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स का तीन साल रहा बेमिसाल
प्रगतिशील पैनल का नेतृत्व करते हुए अध्यक्ष पद के प्रत्याशी तेजकुलपाल सिंह पाली का पूर्व कार्यकाल व्यापारिक क्षेत्र में उपलब्धियों भरा।जिसमें प्रमुख रूप से शामिल है ....व्यापारियों की समस्याओं का समाधान- अध्यक्ष पाली ने व्यापारियों की समस्याओं जैसे पार्किंग, टेक्स, अतिक्रमण आदि के लिए शासन-प्रशासन के साथ बातचीत से हल किया है।
केन्द्रीय वित्त मंत्री से चर्चा-अध्यक्ष पाली ने केन्द्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से व्यापारियों के हित में चर्चा की और समस्याओं से अवगत कराया।
कॉमर्शियल टैक्स- नगर निगम द्वारा कमर्शियल बिल्डिंग पर टैक्स कॉमर्शियल टैक्स प्रॉपर्टी टैक्स के अतिरिक्त पर बीसीसीआई द्वारा स्टे आर्डर लिया गया।
मेडिकल कैंप का आयोजन- चेम्बर ने मेडिकल कैंप का आयोजन किया है जो समाज के लिए एक महत्वपूर्ण सेवा है।
ब्लड डोनेशन- चेम्बर ने ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया है जो समाज के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान है।
चेंबर के कार्यालय में सुधार- सर्व सुविधा युक्त कार्यालय: अध्यक्ष पाली ने चेंबर के कार्यालय में सर्व सुविधा युक्त बनाया है जो सदस्यों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है।
निश्चित समय पर भेंट- अध्यक्ष पाली प्रतिदिन कार्यालय में एक निर्धारित समय पर सभी से सरलता से भेंट करते हैं (बगैर अपॉइंटमेंट) जो अपने आप में उनकी एक पहचान है और चेम्बर के सदस्यों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है। फोन पर तो व्यापारियों के लिए 24×7 उपलब्ध रहे।
घोषणाएं :
प्रगतिशील पैनल के चुनावी घोषणा-पत्र में हर व्यापारी की आवाज को समान प्रतिनिधित्व देने, निर्णयों से पहले व्यापारी रायशुमारी, जीएसटी, आयकर व नगर निगम से जुड़ी समस्याओं के लिए स्थायी हेल्प डेस्क, नोटिस व विवादों में चेंबर का सीधा हस्तक्षेप, प्रशासनिक उत्पीड़न व अनावश्यक कार्रवाई के खिलाफ संगठित आवाज, छोटे व्यापारियों के लिए विशेष समितियां, लाइसेंस व परमिट में सहायता, युवा व नए व्यापारियों को स्टार्ट-अप और डिजिटल व्यापार मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल, सराफा व्यापारियों को धारा 411/412 से मुक्ति, पारदर्शी व सक्रिय चेंबर के तहत नियमित बैठकें व सूचना की सहज पहुंच तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता और बैंक व प्रशासन से समन्वय जैसे प्रमुख वादे शामिल हैं।

