एवीएस  न्यूज. मानपुर/ भोपाल


उमरिया जिले के मानपुर तहसील में वन अधिकार अधिनियम 2006 के प्रावधानों के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण ब्लॉक स्तरीय वन अधिकार समिति द्वारा आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में सामुदायिक वन अधिकार, सामुदायिक वन संसाधनों की पहचान, दावा प्रस्तुत करने की प्रक्रिया तथा संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर वन अधिकारों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और पात्र समुदायों को उनके वैधानिक अधिकारों का लाभ दिलाना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत धारा 3(1)(i) के तहत सामुदायिक वन संसाधनों के अधिकारों की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि ग्रामीण समुदाय अपने वन संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
 

इस अवसर पर अनुविभागीय दंडाधिकारी मानपुर अम्बिकेश प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग पूजा द्विवेदी, अनुविभागीय वन अधिकारी कुलदीप नारायण त्रिपाठी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला मानपुर अंकित सिरोठिया सहित मास्टर ट्रेनर, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।