एमडी कुमार पुरुषोत्तम ने मिशन मोड पर डीपीसी के दिए आदेश- निर्देश 


आत्माराम सोनी .भोपाल 


 मध्यप्रदेश राज्य कृषि उपज विपणन (मंडी) बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारियों को करीब 16 वर्ष बाद पदोन्नति की सौगात मिली है। विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की अनुशंसा पर मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक एवं आयुक्त कुमार पुरुषोत्तम के निर्देश पर पहले चरण में करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश जारी किए गए हैं।


 मंडी बोर्ड मुख्यालय के चक्कर लगाए बिना ही अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला, जिससे विभाग में खुशी का माहौल है। इससे पहले वर्ष 2010 में तत्कालीन प्रबंध संचालक एवं आयुक्त अजातशत्रु श्रीवास्तव के कार्यकाल में बड़े स्तर पर पदोन्नतियां हुई थीं।


मंडी बोर्ड अधिकारियों के अनुसार मध्यप्रदेश शासन में पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने के बाद मंडी बोर्ड के एमडी कुमार पुरुषोत्तम ने मिशन मोड में डीपीसी की प्रक्रिया पूरी कराते हुए लंबित मामलों का निराकरण कराया। इसके बाद विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति आदेश जारी किए गए।

बताया जा रहा है कि पहले चरण में संयुक्त संचालक, उप संचालक, सहायक संचालक, अनुभाग अधिकारी, सचिव-‘अ’ तथा अन्य पदों पर पदोन्नतियां की गई हैं। आगामी चरणों में भी अन्य पात्र अधिकारी-कर्मचारियों की डीपीसी की जाएगी।

 जानकारी के मुताबिक, प्रदेश की 259 कृषि उपज मंडियों में कार्यरत 1,000 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी पदोन्नति प्रक्रिया से लाभान्वित हो सकते हैं। विभागीय स्तर पर शेष पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से पूरी किए जाने की तैयारी है।


 संयुक्त संचालक पद पर तीन अधिकारियों को पदोन्नति
उप संचालक से संयुक्त संचालक पद पर श्रीमती प्रवीण चौधरी (मुख्यालय भोपाल), प्रवीण कुमार वर्मा (आंचलिक कार्यालय इंदौर), नितिन कोल्हे (मुख्यालय भोपाल) पदोन्नत किए गए है।

जबकि सहायक संचालक एवं लेखाधिकारी से उप संचालक पर में अतुल निपाणे, अविनाश पाठे, करुणेश कुमार तिवारी,सुश्री अनुपमा जैन, सुश्री सोना जायसवाल,  लक्ष्मण वास्केल सहित कुछ अधिकारी उप संचालक बने हैं।

इसके अलावा अनुभाग अधिकारी एवं सहायक सांख्यिकी अधिकारी से सहायक संचालक बने अधिकारियों में राजेंद्र झारिया, राजेश कुमार, श्रीमती सुनैना प्रसाद सहित  तीन अधिकारियों पदोन्नति हुई है।

जबकि अपर संचालक पद पर दो अधिकारियों को पदोन्नति हुई। संयुक्त संचालक से अपर संचालक पद पर रोहिणी प्रसाद चक्रवर्ती  और सुश्री संगीता ढोके को पदोन्नत किया गया है। साथ ही सचिव-ब से सचिव-अ पद पर पदोन्नत अधिकारियों में सुश्री ऋतु गढ़वाल,  योगेश नागले,  ओमप्रकाश खेड़े, सुरेश कुमार परते, रस्सू वसुनिया, अर्चना सहलाम, रजनी वर्मा, सविता धुर्वे, किशोर कुमार नरगावें, हिम्मत सिंह जमरा, अरविंद कुमार परिहार के नाम शामिल है।  

सहायक वर्ग-1 से अनुभाग अधिकारी पद पर शंकर गोखे, चिमनलाल अहिरवार, रामलाल बोरिया, श्रीमती मीनू राठौर, गोविंद प्रसाद मरावी, श्रीमती सुषमा राजपूत, सहदेव सिकदर, श्रीमती ललिता साठे, आशीष सक्सेना, रवि प्रकाश नाग  पदोन्नत हुए हैं। 
 

 

 पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उच्च पद का कार्यभार ग्रहण के दिए निर्देश  
 सभी पदोन्नतियां सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) क्रमांक 13954/2016 तथा भविष्य में सर्वोच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा पारित होने वाले आदेशों के अधीन है।

सभी पदोन्नत अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से वर्तमान पद से कार्यमुक्त कर उच्च पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 के तहत वेतन निर्धारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश प्राप्ति के एक माह के भीतर अपना विकल्प प्रस्तुत करना होगा।
कुमार पुरुषोत्तम 
प्रबंध संचालक, मंडी बोर्ड