ऐबू निफ्टी ने ‘एक पेड़ बीएचईएल के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण के साथ कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर भी हुई चर्चा
एवीएस न्यूज, भोपाल।
ऑल इंडिया बीएचईएल एम्प्लॉइज यूनियन (एआईबीईयू), संबद्ध नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (एनएफआईटीयू) द्वारा पर्यावरण पखवाड़े के अंतर्गत शनिवार को एआईबीईयू कार्यालय परिसर में ‘एक पेड़ बीएचईएल के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारियों, यूनियन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएफआईटीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दीपक जायसवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में बीएचईएल, भोपाल के कार्यपालक निदेशक श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय तथा विशिष्ट अतिथि महाप्रबंधक (एचआर) हेम राम पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनएफआईटीयू के महासचिव विराट जायसवाल तथा एआईबीईयू के महासचिव एवं एनएफआईटीयू के प्रदेश अध्यक्ष रामनारायण गिरी सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर ‘बीएचईएल है तो हम हैं’ की भावना के साथ कर्मचारियों ने बीएचईएल परिसर को अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान को लेकर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने कार्यपालक निदेशक श्री प्रदीप कुमार उपाध्याय से भेंट कर अभियान में बीएचईएल की सहभागिता एवं सहयोग के संबंध में सकारात्मक चर्चा की।
बैठक में यूनियन ने कर्मचारियों के वेतन, इंसेंटिव, चिकित्सा सुविधाओं, सामाजिक सुरक्षा, कल्याणकारी योजनाओं, सेवा शर्तों, नए आवासीय परिसर तथा अन्य लंबित मांगों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रबंधन का ध्यान कर्मचारियों की वास्तविक समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए उनके शीघ्र निराकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और कर्मचारियों का कल्याण संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। एआईबीईयू–एनएफआईटीयू सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों के लिए निरंतर सक्रियता से कार्य करता रहेगा।


