पाबंदी से होटल व्यवसाय ठप, निर्बाध आपूर्ति बहाल करने की मांग की और ज्ञापन सौंपा 


एवीएस न्यूज.भोपाल


राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश में रसोई गैस  के भारी संकट और व्यावसायिक सिलेंडरों की किल्लत को लेकर भोपाल होटल एवं रेस्तरां संघ के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली के नेतृत्व में व्यवसायियों का प्रतिनिधिमंडल प्रमुख सचिव श्रीमती रश्मि अरुण शमी से मुलाकात की है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रशासन द्वारा कमर्शियल गैस आपूर्ति पर सख्त पाबंदी के कारण होटल व्यवसाय ठप होने की कगार पर है, जिसके समाधान पर चर्चा की  और गैस की निर्बाध आपूर्ति बहाल करने  की मांग की और ज्ञापन सौंपा ।  

 
संगठन के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने बताया कि भोपाल के होटलों, रेस्तरांओं, ढाबों, खानपान सेवाओं और संबद्ध खाद्य सेवा प्रतिष्ठान रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लेकिन  व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के अभाव में  संचालन व्यवस्था में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 उन्होंने मांग की, कि  भोपाल के पंजीकृत होटलों और रेस्तरांओं को उनकी वास्तविक परिचालन आवश्यकताओं के आधार पर वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों का एक सीमित कोटा आवंटित किया जाए। प्रत्येक प्रतिष्ठान को आवश्यक रसोई संचालन बनाए रखने और खाद्य सेवाओं में व्यवधान से बचने के लिए वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर प्रदाय किए जाए।

उल्लेखनीय है कि राजधानी भोपाल में एलपीजी सिलेंडर की गंभीर किल्लत से लगभग 2,000 से अधिक होटल और रेस्तरां बंद होने की कगार पर हैं। इस संकट के चलते हजारों कर्मचारियों की आजीविका पर दुष्यप्रभाव पड़ रहा है। जिस कारण भोपाल के होटलों और रेस्तरांओं में गंभीर चिंता का माहौल बना हुआ है।   


 होटल संचालक बोले- 20 फीसदी नहीं हमें चाहिए 5फीसदी गैस सिलेंडर, ठप हो गया धंधा
मध्य प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत ने होटल और रेस्टोरेंट उद्योग की कमर तोड़ दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध के कारण देश में गैस आपूर्ति बाधित हुई है। केंद्र सरकार द्वारा शुरुआत में आपूर्ति बंद करने के बाद इसे 20 प्रतिशत तक बहाल करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर यह राहत अब तक व्यवसायियों तक नहीं पहुंच सकी है।
 

केंद्र सरकार के आदेश पर भी नहीं हो रहा अमल
 मध्य प्रदेश होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने खाद्य आपूर्ति सचिव रश्मि अरुण शमी से भोपाल में संपर्क किया। प्रदेश भर के होटल संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना है कि केंद्र के 20 प्रतिशत आपूर्ति के आदेश के बावजूद राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर वितरण व्यवस्था ठप पड़ी है। सूरी ने कहा हमने सरकार के सामने अपनी मांगे रखी हैं और हमें उम्मीद है कि जल्द से जल्द हमें मदद मिलेगी। होटल और रेस्टोरेंट एसोसिशन से लाखों लोगों का रोजगार जुड़ा हुआ है। सभी के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
 

 सभी होटलों के लिए एक जैसे नियम सही नहीं
सुमित सूरी के अनुसार संगठन की प्रमुख मांग है कि वर्तमान 20 प्रतिशत की सीमा को बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाए ताकि व्यवसायों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। इसके अलावा उन्होंने एक नया प्रस्ताव भी रखा है कि सभी संस्थानों के लिए आपूर्ति का एक समान नियम नहीं होना चाहिए।

होटलों की श्रेणी और उनकी मांग के आधार पर गैस का कोटा निर्धारित किया जाना चाहिए। बड़े संस्थानों को उनकी खपत के अनुसार अधिक और छोटे संस्थानों को उनके अनुपात में गैस उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही पीएनजी सप्लाई को भी मांग के अनुरूप बढ़ाने की मांग रखी गई है।