बेहतर डिज़ाइन, भरोसेमंद एआई और सहज उपयोगकर्ता अनुभव के साथ फोल्डेबल स्मार्टफोन को नए अंदाज़ में पेश करेगा सैमसंग


एवीएस न्यूज.ग्रुरूग्राम 
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रेसिडेंट एवं सीईओ टीएम रोह ने कहा है कि जैसे-जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अधिक स्मार्ट और व्यक्तिगत होता जा रहा है, डिवाइस का डिजाइन और उपयोग का अनुभव पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगा।गैलेक्सी अनपैक्ड से पहले जारी अपने वक्तमव्या में रोह ने कहा, "जब एआई एक साथ कई कामों में हमारी मदद करता है, तब ऐसी स्क्रीन, जिसे मोड़ा और खोला जा सके, उपयोगकर्ताओं के लिए नई संभावनाएं पैदा करती है।

यही फोल्डेबल स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत है। इन्हें मोड़कर आसानी से जेब या हाथ में रखा जा सकता है और खोलने पर बड़ी स्क्रीन का अनुभव मिलता है। इसी दिशा में सैमसंग लगातार अपने फोल्डेबल डिवाइसों को अधिक पतला, हल्का, मजबूत और बेहतर बना रहा है।"

उन्होंने कहा कि एआई का अगला दौर केवल सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वह उपयोगकर्ताओं की जरूरतों के अनुसार उनकी मदद करने वाला डिजिटल सहायक बनेगा। हालांकि अंतिम निर्णय हमेशा उपयोगकर्ता का ही रहेगा। रोह ने कहा, "एआई किसी व्यक्ति की बेहतर मदद तभी कर सकता है, जब वह उसकी जरूरतों और पसंद को समझे। इसलिए सबसे अच्छे एआई अनुभव वही डिवाइस देंगे, जो अपने उपयोगकर्ताओं को सबसे बेहतर तरीके से जानते हों और उनका भरोसा जीत सकें।"

उन्होंने बताया कि सैमसंग पिछले कई वर्षों से स्मार्टफोन, टैबलेट, स्मार्टवॉच, टीवी और घरेलू उपकरणों सहित विभिन्न डिवाइसों के साथ ऐसा इकोसिस्टम तैयार कर रहा है, जिससे एआई उपयोगकर्ताओं को अलग-अलग डिवाइसों पर सहज और एकीकृत अनुभव दे सके।


उन्होंने आगे कहा, "बेहतर एआई वह है, जो बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के बैकग्राउंड में काम करे और उपयोगकर्ता को एक सहज अनुभव दे। इसी उद्देश्य से हमने ऐसा इकोसिस्टम विकसित किया है, जो केवल डिवाइसों को जोड़ता ही नहीं, बल्कि उन्हें एक साथ बेहतर तरीके से काम करने में सक्षम बनाता है।"

रोह ने कहा कि सैमसंग का ओपन प्लेटफॉर्म अपनाने का दृष्टिकोण नई तकनीकों और बेहतर एआई अनुभवों को तेजी से लोगों तक पहुंचाने में मदद करता है।

उन्होंने कहा, "दुनिया की बेहतरीन एआई क्षमताएं लोगों तक उनके रोजमर्रा के डिवाइसों के माध्यम से पहुंचनी चाहिए। लेकिन एआई को वास्तव में व्यक्तिगत बनाने के लिए उपयोगकर्ता की जानकारी को सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है। यह हमारी जिम्मेदारी है।"

रोह ने कहा कि जैसे-जैसे एआई अधिक व्यक्तिगत होता जाएगा, डेटा की सुरक्षा और उपयोगकर्ताओं का भरोसा सबसे महत्वपूर्ण होगा।

उन्होंने कहा, "सैमसंग नॉक्स प्रत्येक गैलेक्सी डिवाइस के साथ-साथ उनके बीच साझा होने वाले डेटा की भी सुरक्षा करता है। उपयोगकर्ताओं की सबसे संवेदनशील जानकारी डिवाइस में ही सुरक्षित रहती है, जिससे वे यह समझ सकते हैं कि एआई कैसे काम कर रहा है और उनका डेटा हमेशा उनके नियंत्रण में रहता है।"

रोह ने बताया कि आगामी गैलेक्सी अनपैक्ड कार्यक्रम में सैमसंग अधिक व्यक्तिगत, स्वाभाविक और भरोसेमंद एआई अनुभव पेश करेगा। साथ ही ऐसा प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध कराएगा, जिस पर अन्य साझेदार भी नई एआई सेवाएं विकसित कर सकेंगे।

रोह ने कहा, "एआई के अगले दौर में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह नहीं होगा कि सबसे स्मार्ट एआई किसके पास है, बल्कि यह होगा कि कौन अपने उपयोगकर्ताओं को सबसे बेहतर समझता है और उस समझ को भरोसेमंद अनुभव में बदल पाता है।"