‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भोपाल दुग्ध संघ परिसर में हुआ पौधारोपण
एवीएस न्यूज भोपाल
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ के अंतर्गत भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में फलदार और छायादार पौधों का पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भोपाल दुग्ध संघ सीईओ प्रीतेश जोशी, सुधीर कुमार सिंह और यू मिलन मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सीईओ प्रीतेश जोशी ने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और हरित पर्यावरण का निर्माण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण हमारे अस्तित्व, स्वास्थ्य और खुशहाली का आधार है और इसकी रक्षा केवल जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि आने वाली पीढय़िों के सुरक्षित भविष्य की गारंटी भी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कर यह संकल्प लिया कि वे पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएंगे। कार्यक्रम में यह भी संदेश दिया गया कि हरियाली बढ़ाकर ही स्वच्छ वायु और स्वस्थ जीवन सुनिश्चित किया जा सकता है।
दुग्ध संघ क्षेत्रांतर्गत सहकारी समितियों के परिसरों में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। समिति सदस्यों ने अपने-अपने गांवों के आसपास खाली भूमि पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता दिखाई।
विश्व पर्यावरण दिवस के इस आयोजन ने स्थानीय स्तर पर हरित पहल को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का संदेश दिया।






