2 करोड़ रुपए से संवरेगा मार्केट, किराएदार दुकानदारों के अनुबंध 30 साल के लिए होंगे

भोपाल। राजधानी के हृदय स्थली स्थति न्यू मार्केट क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यकरण में 2 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। न्यू मार्केट में सभी नगर निगम के किराएदार दुकानदारों के अनुबंध जो अभी मात्र 3 साल के किए जा रहे थे अब सभी व्यापारियों के अनुबंध एक साथ 30 साल के किए जाएंगे। यह बात न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति की नवगठित कार्यकारिणी का पदभार एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए क्षेत्रीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कही। न्यू मार्केट हृदय स्थली स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर के समक्ष आयोजित समिति के पदभार एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सबनानी ने न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति की 50 पदाधिकारियों वाली टीम को एक साथ पद एवं समिति के प्रति निष्ठा की शपथ दिलवाई और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी । उन्होंने प्रमुख चार पदाधिकारी समिति अध्यक्ष सतीश कुमार गंगराड़े, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष अजय देवनानी एवं सचिव पुरुषोत्तम वरदानी को प्रमाण पत्र प्रदान किया।

- न्यू मार्केट की सराउंडिंग रंगमहल चौराहे से लेकर डॉ. प्रसाद क्लिनिक तक पार्किंग शुरू होगी
इस अवसर पर न्यू मार्केट व्यापार संरक्षण समिति के पदाधिकारी ने विधायक को एक मांग पत्र सौंपा। प्रमुख चारों मांगों पर विधायक सबनानी ने सहमति जताई और अति शीघ्र इन चारों विषयों पर कार्य प्रारंभ करने की बात कही। विधायक ने न्यू मार्केट की सराउंडिंग रंगमहल चौराहे से लेकर डॉ. प्रसाद क्लिनिक तक पार्किंग प्रारंभ करवाने की बात कहीं। उन्होंने कहाकि न्यू मार्केट 2006 से नो व्हीकल जोन घोषित है किंतु इसका परिपालन ठीक से नहीं किया जा रहा है । नो-हॉकर्स जोन का परिपालन बहुत सख्ती से करवाया जाएगा एवं यहां के हॉकर्स को स्मार्ट सिटी स्थित हाट बाजार में शिफ्ट किया जाएगा। एसबीआई के सामने गणेश चौक का सौंदर्यकरण करवाया जाएगा एवं वहां से आने के लिए एक रास्ता प्रारंभ करवाया जाएगा, ताकि समय पढ़ने पर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपदा प्रबंधन वाली गाड़ियां भी जल्दी से मौके पर पहुंच सकें।
- महापौर , भाजपा जिला अध्यक्ष सहित मौजूद रहे व्यापारी और सामाजिक संगठन के प्रमुख
इस अवसर पर भोपाल की महापौर मालती राय, भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र यती, क्षेत्रीय पार्षद आरती अनेजा, भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली, क्रेडाई भोपाल के अध्यक्ष मनोज मीक, भोपाल सराफा के अध्यक्ष सुशील धनवानी, भोपाल के वरिष्ठ व्यापारी एवं समाजसेवी गोविंद गोयल , खेड़ापति हनुमान मंदिर के ट्रस्टी श्री गोपाल मेहता, अजय श्रीवास्तव, राम रामबाबू शर्मा , शाहिद बड़ी संख्या में भोपाल शहर के सभी व्यापारी संगठनों के प्रमुख उपस्थित थे। संपूर्ण कार्यक्रम का उत्कृष्ट संचालन अजय देवनानी ने किया । कार्यक्रम में न्यू मार्केट के सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

